जेयू में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ फेस्टिवल युवा तरंग का हुआ शुभारंभ

Feb 23 2024

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय यूथ फेस्टीवल युवा तरंग का शुक्रवार सुबह शुभारंभ हुआ। इसमें प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के युवा कलाकार भाग लेने आए हैं। 
शुक्रवार सुबह सबसे पहले सभी विश्वविद्यालयों की टीमों ने जेयू कैंपस में सांस्कृतिक रैली निकाली। इसमें हर विवि की टीमों में शामिल छात्र-छात्राएं रंग-बिरंगे आकर्षक परिधानों में नृत्य करते हुए कार्यक्रम स्थल अटल सभागार पहुंचे। इसके बाद कृषि यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में युवा उत्सव का उद्घाटन समारोह हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेयू के कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी ने की। 
जेयू के डीएसडब्ल्यू प्रो जेएन गौतम ने बताया कि तीन दिन तक सांस्कृतिक, साहित्यक एवं चित्रकला की 22 विधाओं की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। जिनमें सभी विश्वविद्यालयों की टीमों में आए करीब 700 प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सभी की नजर युवा उत्सव की चैंपियन ट्रॉफी पर है। 22 विधाओं में से अधिकतर विधाओं की प्रतियोगिताओं में जिस भी विश्वविद्यालय की टीमें पहले स्थान पर रहेंगे, उसे ही युवा उत्सव की चैपियन ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।