पार्टी करने पहुंचा युवक किले से गिरा, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाया

Feb 22 2024

ग्वालियर। किला घूमने आया एक युवक पैर फिसलने से किले की तलहटी में गिरकर घायल हुआ है। गनीमत रही कि युवक किले की तलहटी की झाडिय़ां में फंस गया और नीचे नहीं गिरा। जिसके चलते उसके हाथ और पैरों में मामूली चोट आई है। सूचना मिलते ही डायल 100 की टीम मौके पर पहुंच और पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन कर युवक की जान बचाई है। बताया जा रहा है कि घायल युवक अपने दो भाई और एक दोस्त के साथ किले पर जश्न मना रहा था तभी वह हादसे का शिकार हो गया। घायल को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल युवक खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मुरैना के अम्बाह-पोरसा में रहने वाला 30 वर्षीय युवक करन उर्फ बाजा तोमर विनय नगर में रहने वाले अपने चचेरे भाई सुशील तोमर, रिंकू तोमर और एक अन्य दोस्त के साथ किले पर घूमने पहुंचे थे। किले पहुंचने के बाद सभी जश्न मना रहे थे। उसी दौरान युवक करन तोमर दीवार के पास जाकर खड़ा हो गया, लेकिन अचानक वह लडख़ड़ाया और पैर फिसलने से वह किले की तलहटी में जा गिरा। करन के गिरते ही उसके भाई रिंकू सुशील और दोस्त ने तत्काल इसकी सूचना थाने को दी। सूचना मिलते ही ग्वालियर थाने के थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने तत्काल घासमंडी पर तैनात डायल 100 को सूचना देकर मौके पर पहुंचाया।
मौके पर पहुंची एफआरवी पर तैनात जवाबन अर्पण त्रिपाठी और सतीश खरे ने तत्काल रेस्क्यू कर किला तलहटी की झाडिय़ां में फंसे युवक को किसी तरह बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल रवाना कर दिया। किले की तलहटी में गिरने से युवक को हाथ पैर और कमर में चोट आई है। डॉक्टर युवक का अस्पताल में ट्रीटमेंट किया गया और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।