तेज रफ्तार बस ट्रैक्टर में टक्कर मारकर पलटी, दर्जनों यात्री घायल

Feb 22 2024

ग्वालियर। हजीरा-पुरानी छावनी के बीच ट्रिपल आईटीएम के सामने तेज रफ्तार बस ने आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस पलट गई और ट्रैक्टर पर सवार लोग भी उछलकर नीचे गिरे। हादसे में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 20 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 16 को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा गत देर रात हुआ है। बस में सवार घायल यात्रियों का कहना है कि बस चालक मुरैना से ही हवा से बातें कर रहा था। बस ओवरलोड थी, लेकिन वह दौड़ाए जा रहा था। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आगे की पड़ताल कर रही है।
मुरैना बस स्टैंड से एक बस यात्रियों को लेकर गत देर रात ग्वालियर के लिए निकली थी। बस पुरानी छावनी होते हुए अभी अटल द्वारा के पास पहुंची थी। यहां बस के चालक ने बस में सवार यात्रियों की अदला बदली की और कुछ यात्रियों को एक अन्य बस नंबर नंबर एमपी06 पी-1411 में बैठाया। यह बस अटल द्वार से होते हुए अभी ट्रिपल आईटीएम संस्थान के पास पहुंची ही थी कि आगे जा रहे मजदूरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मारी और पलट गई, जबकि बस की टक्कर से ट्रैक्टर में सवार मजदूर उछलकर सडक़ों पर आ गिरे।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में चार लोग बस के नीचे दबे थे। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार सहित पुरानी छावनी, हजीरा थाना का फोर्स मौके पर पहुंचा और घायलों को बचाने के लिए रेस्क्यू किया है। किसी की भी जान नहीं जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने बस के नीचे दबे चार घायलों सहित 8 घायलों को बाहर निकाला है। जिनमें से चार गंभीर घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 12 घायलों को हजीरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादस में बस में सवार यात्री 47 वर्षीय योगेन्द्र सिंह चौहान निवासी डीडी नगर, 65 वर्षीय जगदीश सिंह राजपूत थाटीपुर, 45 वर्षीय यशवंत झा निवासी घासमंडी किलागेट, राकेश निवासी ग्वालियर के अलावा ट्रैक्टर में सवार 30 वर्षीय हरजू बाथम निवासी झांसी, 40 वर्षीय रामकुमार, 45 वर्षीय रामकिशन, 30 वर्षीय रामदेवी रैकवार, 45 वर्षीय राजकुमारी, 35 वर्षीय फूफचन्द्र रैकवार, 52 वर्षीय कालीचरण रैकवार, 50 वर्षीय गुड्?डी पत्नी कालीचरण, 25 वर्षीय पूजा रैकवार, 30 वर्षीय चंदू उर्फ चन्द्रभान सिंह, 35 वर्षीय घमंडी कुशवाह, 21 वर्षीय रोहित रैकवार सभी निवासी झांसी उत्तर प्रदेश हैं।
घायल ने बताया कि मुरैना से बस में सवार होकर आए थे। ग्वालियर की सीमा में प्रवेश करते ही अटल द्वार पर हमारी बस ने सवारी की अदला-बदली की और इस बस में हमें सवार किया। वहां से यह बस का चालक तेज रफ्तार में बस को ले जा रहा था। सवारी भी ओवरलोड थीं। बस चालक नशे में लग रहा था और उसने आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। जिसके बाद बस पलट गई। हमारी जान जाते-जाते बची है। एक अन्य घायल योगेन्द्र ने बताया कि बस चालक बस को तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था।
इस मामले में एएसपी शियाज केएम का कहना है कि बस ने आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मारी है। हादसे में बस व ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार यात्री घायल हुए हैं। जिनको जेएएच व सिविल अस्पताल हजीरा में भर्ती कराया गया है। घटना कैसे हुई यह पड़ताल की जा रही है।