साढ़े तीन साल की मासूम से पड़ोसी ने दुष्कर्म का प्रयास किया

Feb 21 2024

ग्वालियर। महज साढ़े तीन साल की मासूम के साथ वहशी बने पड़ोसी द्वारा रेप का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। वह तो गनीमत रही कि वक्त पर मां के पहुंच जाने से बच्ची बच गई। आंतरी थाना इलाके में घटित उक्त मामले में पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

आंतरी थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम कल्याणी निवासी साढ़े तीन साल की मासूम बालिका अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अजय पुत्र जयप्रकाश कोरी उसे चॉकलेट दिलाने का लालच देकर अपने साथ पास में ही स्थित एक खाली प्लॉट में ले गया। जहां वह उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। जब काफी देर तक बच्ची नजर नहीं आई, तो मां उसे तलाशने निकल गई, जो घर के पास उस खाली प्लॉट पर पहुंची, तो वहां आरोपी को बिटिया के साथ गलत हरकत करते देख दंग रह गई। 
महिला ने जब शोर मचाया, तो बच्ची को वहीं छोडक़र आरोपी भाग निकला। इसके बाद महिला ने बिटिया को घर ले जाकर अन्य परिजनों को घटना के बारे में बताया। जिस पर वह उसे थाने लेकर पहुंचे, और  आंतरी थाना प्रभारी प्रमोद शर्मा द्वारा आरोपी के खिलाफ धारा 354 व पॉस्को एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे पकड़ लिया।
बताया गया है कि आरोपी का कुछ समय पूर्व एक्सीडेंट हो गया था। जिसके बाद से वह लंगड़ाते हुए चलता है। इसके अलावा वह मानसिक रूप से भी कमजोर बताया गया है।