मैं लोकसभा चुनाव नहीं लडूंगा,सिंधिया के सामने युवा को देंगे मौका:दिग्विजय

Feb 21 2024

ग्वालियर। ग्वालियर - चंबल में राहुल गांधी न्याय यात्रा पर आ रहे हैं। वे धौलपुर (राजस्थान) से होते हुए मुरैना पहुंचेंगे। यहां से बानमोर, ग्वालियर के घाटीगांव, मोहना होते हुए शिवपुरी जाएंगे। यहां रात्रि विश्राम करेंगे। दिग्विजय सिंह इस यात्रा की तैयारियों पर बैठक लेने के लिए भोपाल से मुरैना होते हुए ग्वालियर-चंबल अंचल में दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को ग्वालियर पहुंचे।
ग्वालियर पहुंचे कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने खुद के लोकसभा चुनाव में उतरने पर कहा मैं लोकसभा चुनाव नहीं लडूंगा, मेरा राज्यसभा का ढाई साल का कार्यकाल बचा हुआ है। उन्होंने कहा ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने खड़े होने के लिए कांग्रेस के पास कई उम्मीदवार हैं। हर बार की तरह युवाओं को टिकट दिया जाएगा।
एक दिन पहले गुना में आरएसएस पर दिए बयान पर कहा, मैंने चड्डी और पैंट कहा था। चड्डी और पेटीकोट नहीं कहा था। मैंने चड्डी छाप और पैंट छाप कहा था, क्योंकि पहले संघ के लोग चड्डी पहनते थे, अब पैंट पहनते हैं। चड्डी छाप और पैंट छाप कहना कोई अवमानना नहीं है।
वहीं किसान आंदोलन को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा किसान आंदोलन पर समझौता हुआ था। एमएसपी पर समझौता हुआ था। लोगों पर झूठे मुकदमे दायर हुए थे, उस पर समझौता हुआ था। मोदी गारंटी पर किसानों को भरोसा नहीं है। यही कारण है कि किसान आंदोलन करने पर विवश हैं।
ग्वालियर-चंबल अंचल में पूर्व विधायकों और पार्षदों के पार्टी छोडऩे पर दिग्विजय ने कहा घबराने की बात नहीं है। कांग्रेस से जितने लोग भाजपा में गए हैं, उससे कई ज्यादा लोग कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वरुण गांधी और राहुल गांधी चचेरे भाई हैं, इसलिए एक साथ हैं। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में हुई घटना की निंदा करते हुए कहा हम उनकी घोर निंदा करते हैं। लेकिन जब भारतीय जनता पार्टी के नेता इस प्रकार की घटनाएं करते हैं, तो उस पर भारतीय जनता पार्टी मौन क्यों हो जाती है। जब उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश में अनेक मामले में भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने इस प्रकार के कृत्य किए हैं। अभी गुजरात में बिल्किस बानो का प्रकरण देख लीजिए।
सुप्रीम कोर्ट के चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन को लेकर दिए गए फैसले का दिग्विजय सिंह ने स्वागत करते हुए चीफ जस्टिस को आभार जताया है। उनका कहना है कि चीफ जस्टिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है, दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह तो बैलेट पेपर की चोरी थी, जो पकड़ी गई, यदि ईवीएम की चोरी होती तो पकड़ी ही नहीं जाती।