नदी में छलांग लगाने वाली छात्रा का मिला शव

Feb 20 2024

ग्वालियर। डबरा में सिंध नदी के पुल से पांच दिन पहले छलांग लगाने वाली नाबालिग छात्रा का शव नदी में पानी पर उतराता हुआ मिल गया है। पुलिस ने नदी में सर्चिंग के बाद भी शव नहीं मिलने पर नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। 
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी कॉलोनी में रहने वाली 11वीं की नाबालिग छात्रा 14 फरवरी को अपनी दादी से कुछ समय बाद घर लौटकर आने की कह कर गई थी। लेकिन जब वह नहीं लौटी और परिजनों ने उसकी तलाश की तो उसके कमरे में एक सुसाइड नोट भी मिल गया। जिसमें उसने सिंध नदी में कूदने की बात लिखी थी और माता-पिता से माफी मांगी थी। 
जब पुलिस सिंध नदी के पुल पर पहुंची तो उसके जूते भी वहीं रखे मिल गए थे। इसके साथ ही पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाया लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी छात्रा का सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। आखिरकार पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। 
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिंध नदी के स्टॉप डेम में एक शव पानी पर उतरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की तो मृतका की शिनात पांच दिन गायब हुई नाबालिग के रूप में ही हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।