आधा दर्जन लुटेरों ने घर स्वामी पर चलाई गोलियां, मारा बका

Feb 16 2024

ग्वालियर। शहर में आमजन अब ना तो सडक़ों पर सुरक्षित हैं और ना ही घर के अंदर। बदमाशों को जहां मौका मिलता है वह वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बीती रात लूट की वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों ने पूर्व सरपंच के घर में प्रवेश किया और ताले तोडऩा शुरू कर दिए। इसी बीच आवाज सुनकर पूर्व सरंपच के बेटे की नींद खुल गई और उसने बदमाशों को टोका तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पूर्व सरपंच के बेटे ने भी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, लेकिन पिस्टल लॉक होने पर बदमाश ने बका मार दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश भाग निकले। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के शांति बाग कॉलोनी की है।
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के शांति बाग कॉलोनी में रमेश शर्मा पूर्व सरपंच रहते है। वह अपनी ससुराल आरोन पाटई शादी में शामिल होने के लिए गए थे और घर पर बेटा राहुल शर्मा व उसकी पत्नी व बच्चे थे। रात करीब सवा बजे उनका भाई छोटू शादी में से आया और अपने कमरे में चला गया। वह सोने की तैयारी कर रहा था कि तभी अचानक आहट हुई तो उसने कमरे के बाहर झांका तो करीब आधा दर्जन बदमाश उसके घर में घुसे हुए थे और ताले तोड़ रहे थे।
मामला समझ में आते ही उसने राहुल को बदमाशों की जानकारी दी। जिस पर राहुल पिस्टल लेकर बाहर की तरफ आया और बदमाशों को ललकारा तो बदमाशों ने उस पर फायर ठोक दिया। 
बदमाशों द्वारा फायरिंग करने पर राहुल ने अपनी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, दो फायर करने के बाद पिस्टल का कॉक लॉक हो गया और इसी बीच एक बदमाश ने बका मार दिया, जो राहुल के हाथ में लगा और वह घायल हो गया। इसी बीच फायरिंग सुनकर पास ही रहने वाले उनके परिचित व गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची, तो बदमाश पीछे की दीवार फांद कर भाग निकले। 
पीडि़त ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनते ही पुलिस की दो 100 डायल, मोबाइल तथा पाइंट में तैनात एएसआई इरसाद अहमद, आरक्षक गिर्राज, माधौ सिंह, राजवीर, शिवशंकर, जयपाल और ओम प्रकाश वहां पर पहुंचे, जिन्हें देखकर बदमाश भाग निकले। अगर समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो बदमाश किसी घटना को अंजाम दे सकते थे।
बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों ने वारदात से पहले गार्डन व सरपंच के घर की लाइट बंद कर दी थी और आने जाने के रास्ते पर ताले डाल दिए थे, जिससे घटना के समय कोई विरोध होने पर मदद के लिए ना आ सके। 
वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों ने एक बदमाश ने अपने साथी को लल्ला बोलकर संबोधित किया और गोली मारने की बोला था। इससे पुलिस का मानना है कि बदमाश आसपास के हो सकते है। 
बदमाशों की तलाश में पुलिस ने दो घंटे सर्चिंग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। अब पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे बदमाशों को पकड़ा जा सके।
इस मामले में थाना प्रभारी पुरानी छावनी विनय सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व सरपंच के घर में बदमाशों ने वारदात का प्रयास किया है। पूर्व सरपंच के बेटे पर बदमाशों ने धारदार हथियार का प्रयोग किया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।