सीबीएसई की 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू

Feb 15 2024

ग्वालियर। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी बोर्ड सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा गुरुवार से वोकेशनल विषयों से शुरू हुई। इन परीक्षाओं में कम संख्या में परीक्षार्थी शामिल हुए जिसके चलते कई केंद्रों पर जहां परीक्षा नहीं हुई। वहीं कुछ केंद्रों पर गिनती के ही परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। शहर के बीच स्थित कॅार्मल कान्वेंट स्कूल के परीक्षा केंद्र पर गिनती के ही परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। वहीं कई परीक्षा केन्द्रों पर आज कोई परीक्षा ही नहीं हुई। 
गुरुवार को 10वीं की पेंटिंग, गुरंग, राई, तमांग, शेरपा, थाई विषय की परीक्षा हुई। वहीं 12वीं की एंटरप्रेन्योरशिप विषय की परीक्षा हुई। पूरी परीक्षा अवधि के दौरान लगभग 15 हजार बच्चे 26 केन्द्रों पर परीक्षा देंगे। 
12वीं के मुख्य विषयों की परीक्षा 19 फरवरी को हिंदी भाषा विषय के पेपर से शुरू होगी। 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 4 अप्रैल तक और 12वीं की परीक्षा 2 अप्रैल तक संचालित होंगी।
गुरुवार को परीक्षा सुबह 10.30 बजे से प्रारंभ हुई जो 1.30 बजे तक चली। केवल पेंटिंग विषय की परीक्षा 2 घंटे बाद 12.30 बजे समाप्त हुई। परीक्षा केंद्र पर सुबह 9 बजे से प्रवेश दिया गया। पहला दिन होने के कारण परेशनी से बचने परीक्षार्थी समय से पहले केंद्र पर पहुंचे। 10 से 10.15 बजे के बीच 15 मिनट का समय आंसर-शीट भरने के लिए एवं 10.15 से 10.30 तक 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र पढऩे के लिए दिया गया। 
परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र पर अभिभावक के हस्ताक्षर कराना अनिवार्य था। परंतु कई परीक्षार्थियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। केंद्र पर प्रवेश से रोके जाने पर परीक्षार्थियों ने मौके पर ही अपने अभिभावकों के साइन कराए। नियमित छात्रों को परीक्षा केंद्र पर स्कूल यूनिफॉर्म और स्कूल के पहचान पत्र के साथ प्रवेश पत्र दिखाने पर एंट्री दी गई।