केआरजी कॉलेज के आसपास अभियान चलाकर छात्राओं को महिला अपराधों के प्रति किया जागरूक

Feb 15 2024

ग्वालियर। इन दिनों जिले के विभिन्न स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों व सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा हेतु जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत निर्भया मोबाइल की सूबेदार सोनम पाराशर द्वारा कम्पू क्षेत्र में स्थित केआरजी कॉलेज की छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों के संबंध में जानकारी देकर जागरुक किया गया। इसके अलावा निर्भया मोबाइल की टीम द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान केआरजी कॉलेज के आसपास अनावश्यक घूम रहे लडक़ों को हिदायत दी गई।
निर्भया मोबाइल की सूबेदार सोनम पाराशर द्वारा शहर के केआरजी कॉलेज के आसपास जागरुकता अभियान चलाया गया। केआरजी कॉलेज की छात्राओं को आजकल हो रहे अपराधों व महिला संबंधी अपराध एवं साइबर संबंधी अपराधों आदि के संबंध में पैम्पलेट के माध्यम से जानकारी देकर जागरुक किया गया तथा उन्हे पुलिस की डायल 100/112 सेवा तथा 1090 महिला हेल्पलाइन से भी अवगत कराया गया। 
उपस्थित छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थित में तत्काल पुलिस को सूचित करें एवं उन्हें यह भी बताया गया कि वह पुलिस में अपनी शिकायत कैसे कर सकती हैं। निर्भया मोबाइल की टीम द्वारा छात्राओं से चर्चा करते हुए उन्हे बेटी की पेटी के संबंध में अवगत कराया गया कि वह किस प्रकार अपनी शिकायत पेटी में डाल सकती हैं।
वहीं स्कूल व कॉलेजों के बाहर अनावश्यक घूम रहे लडक़ों को भी निर्भया मोबाइल टीम द्वारा हिदायत दी गई। केआरजी कॉलेज के पास चाय की गुमटी पर एकत्रित लडक़ों को अनावश्यक न बैठने के संबंध में समझाइस दी गई, क्योकि चाय की गुमटी पर लडक़े एकत्रित होकर कॉलेज आने जाने वाली लड़कियों पर कमेंट करते हैं। चाय की गुमटी चलाने वाले को भी भविष्य के लिये चेतावनी दी गई कि यहां पर लडक़ों की भीड़-भाड़ एकत्रित की गई तो उसके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी।