पुलिस ने डंपर पर फायरिंग कर चालकों से लूट करने वालों को जंगल में तलाशा

Feb 15 2024

ग्वालियर। बेहट इलाके से गुजरने वाले रेत से भरे डंपरों के टायरों पर बदमाश फायरिंग कर फोड़ देते हैं। इसके बाद वह कई बार चालक को लूटने का प्रयास करते हैं। इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा जंगल में सर्चिंग की गई। इस दौरान पुलिस को एक पेटी अवैश शराब मिली। जिसे जब्त कर लिया गया। साथ ही बिना नंबर के चल रहे डंपर को रोका और उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की। 
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने डंपर पर फायरिंग की है, जिससे उसके दाहिने तरफ के 6 टायर व बांए तरफ के 4 टायर फट गए है। अज्ञात बदमाशों द्वारा डंपर पर फायरिंग की सूचना मिलने पर एएसपी शियाज के एम व एसडीओपी बेहट संतोष कुमार पटेल घटना स्थल पर पहुंचे और घटना निरीक्षण कर थाना प्रभारी बेहट को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर शीघ्र गिरतार के निर्देश दिए।
फरियादी पटू सिंह गुर्जर निवासी गौहर कला थाना पावई जिला भिंड की रिपोर्ट पर थाना बेहट में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर जंगल सर्चिंग की गई तथा थाना प्रभारी बेहट सुरेश कुशवाह को फायरिंग करने वाले आरोपियों की पतारसी कर शीघ्र पकडऩे के निर्देश दिए गए। 
इसी दौरान सुजार गांव में शराब बेचने की शिकायत पर थाना प्रभारी बेहट को कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने एक पेटी अवैध शराब की जब्त की।