महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निर्भया मोबाइल टीम ने कार्रवाई की

Feb 14 2024

ग्वालियर। शहर के बाजारों, भीड़-भाड़ के इलाकों, स्कूल, कॉलेज तथा कोचिंग संस्थानों के बाहर तथा पार्कों में बालिकाओं व महिलाओं के साथ छेडख़ानी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की निर्भया टीम द्वारा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निर्भया टीम ने भीड़भाड़ के इलाकों, स्कूल, कॉलेज तथा कोचिंग संस्थानों एवं पार्कों के आसपास निगरानी रखी गई। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
डीएसपी महिला सुरक्षा किरण अहिरवार, निर्भया मोबाइल टीम सूबेदार सोनम पाराशर एवं उप निरीक्षक कीर्ति उपाध्याय के नेतृत्व में टीम फूलबाग एवं इटालियन गार्डन के आसपास बालिकाओं व महिलाओं के साथ छेडख़ानी करने वाले असामाजिक तत्वों के पर कार्रवाई के लिए पहुंची। टीम द्वारा उक्त क्षेत्रों को भ्रमण कर लड़कियों को घूर रहे एवं कमेंट कर रहे लडक़ों को पकडक़र उनसे वहां खड़े होने का कारण पूछा तो कोई सही उत्तर नहीं दे पाया।
पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों से असामाजिक तत्वों को पकड़ा जाकर उनके संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई और भविष्य में अनावश्यक खड़े पाए जाने पर कानूनी कार्यवाही करने की हिदायत दी गई। साथ ही उनके नाम, पते व मोबाइल नंबर आदि नोट करने के उपरांत उनको भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई। 
टीम द्वारा की गई कार्यवाही में 50 असामाजिक तत्वों को पकड़ा गया और भविष्य में ऐसा कृत्य न करने की हिदायत दी गई। उक्त कार्यवाही में सूबेदार सोनम पाराशर, उप निरीक्षक कीर्ति उपाध्याय, आरक्षक भूपेन्द्र एवं रामवीर सम्मलित रहे।