ग्वालियर-चंबल के जंगल में एक बार फिर डकैतों का मूवमेंट, पुलिस सर्चिंग में लगी

Feb 13 2024

ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल के जंगल में लगभग दो साल बाद एक बार फिर डकैत गिरोह की हलचल से दहशत फैल गई है। ग्वालियर के घाटीगांव स्थित भंवरपुरा के जंगल में इनामी डकैत रामसहाय गुर्जर गैंग की मूवमेंट हुई है। डकैत गिरोह की हलचल से पुलिस अलर्ट मोड़ पर आ गई है। गांव के लोगों ने हथियारबंद चार डकैतों को देखा है।
जिसके बाद एसडीओपी घाटीगांव शेखर दुबे सहित सभी थानों का फोर्स जंगल में सर्चिंग के लिए उतार दिया है। पुलिस की टीम ग्वालियर-मुरैना बॉर्डर पर लगे जंगल में सर्चिंग में जुटी हुई है। करीब आधा सैकड़ा जवान जंगल में सर्चिंग कर रहे हैं। डकैत गुड्डा गुर्जर के एनकाउंटर में गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर हलचल से आसपास के गांव में दहशत है।
एसडीओपी घाटीगांव शेखर दुबे ने बताया कि इनामी रामसहाय गुर्जर गिरोह के इलाके में आने की सूचना पर सर्चिंग की जा रही है। रामसहाय गुर्जर ने हाल ही में मुरैना और धौलपुर राजस्थान इलाके में वारदातों को अंजाम दिया है। डकैत रामसहाय पर चंबल रेंज आईजी द्वारा 30 हजार रुपए का इनाम घोषित है, जबकि धौलपुर राजस्थान व ग्वालियर एसपी द्वारा 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित है। गांव में चार हथियारबंद बदमाशों की हलचल से गांव में लोग दहशत में हैं।
सबसे पहले रामसहाय गुर्जर भंवरपुरा में दिखाई दिया था और पुलिस ने जब इसकी घेराबंदी की तो वह यहां से आरोन के जंगल की ओर निकल गया। इसके बाद से ही घाटीगांव टीआई प्रशांत शर्मा और आरोन थाना प्रभारी अतुल सिंह के साथ ही आधा सैकड़ा जवान उसकी आरोन के जंगलों में सर्चिंग कर रहे हैं।
ऐसा पता लगा है कि डकैत रामसहाय पुत्र रघुनाथ गुर्जर निवासी कुदिन्ना साहपुरा राजस्थान की बुआ भंवरपुरा में रहती है। डकैत जगन गुर्जर से राजस्थान के जंगल में दुशमनी के बाद रामसहाय ने लंबे समय तक बुआ के यहां रहते हुए समय गुजारा था। इसके बाद फिर यहां से एक नाबालिग का अपहरण कर राजस्थान भाग गया था। पुलिस ने उसे पकड़ा भी था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह पुलिस के हाथ वापस नहीं आया और जंगल में अपना अड्डा बना लिया।
डकैत रामसहाय गुर्जर के गिरोह में उसके अलावा चार सदस्य और भी हैं। गिरोह के पास 315 बोर की बंदूकें भी हैं। मतलब डकैत गिरोह बंदूकों से लैस है और भंवरपुरा व आरोन के आसपास उसकी मूवमेंट किसी बड़ी वारदात के लिए भी हो सकती है।
इस मामले में एसपी राजेश चंदेल का कहना है कि मूवमेंट की सूचना मिली है। जिस पर सर्चिंग कराई जा रही है। पुलिस लगातार सर्चिंग कर रही है, इसलिए किसी गांव में कोई दहशत नहीं है।