एक बार फिर बाइक सवार दंपति से 1 लाख व कारोबारी से स्कूटी लूटकर हुए फरार

Feb 12 2024

ग्वालियर। एक बार फिर बाइक सवार बदमाशों ने महज एक घंटे के भीतर लूट की दो वारदातों को अंजाम दे डाला। दुकान बंद कर लौट रहे कारोबारी की आंखों में मिर्ची झोंककर उसकी स्कूटी व एक दंपति से एक लाख रुपए नगदी लूटकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तस्दीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गत रात शहर में लूट की दो घटनाएं हुईं। जिनमें पहली वारदात में बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाश माधव नगर निवासी हर्ष पुत्र नरेश वलेचा (25 वर्ष) की आंखों में मिर्ची झोंककर स्कूटी लूट ले गए। हर्ष की माधौगंज चौराहा पर किराना दुकान है। गत रात नौ बजे के करीब दुकान बंद कर वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ पहले बदमाशों ने उक्त वारदात को अंजाम दे डाला। 
जबकि लूट की दूसरी घटना गोला का मंदिर थाना इलाके की है। बताया गया है कि पिंटो पार्क निवासी अर्जुन कुशवाह एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी पत्नी माला के साथ रात 10 बजे के लगभग बाइक से हजीरा से घर लौट रहा था। इसी बीच पिंटो पार्क में ही तेल मील के पास पीछे से सफेद अपाचे पर आए दो बदमाशों ने माला के हाथ पर झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया। इससे दंपति सडक़ पर गिर पड़ा, जब तक वह संभलते तब तक बदमाश पर्स लेकर फरार हो गए। फरियादी के मुताबिक पर्स में एक लाख रुपए कैश सहित घर की चाबी, मोबाइल, आधार कार्ड व कुछ अन्य डॉक्यूमेंट रखे थे।
लूट की दोनों घटनाओं की सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर लुटेरों की तलाश में नाकाबंदी भी की, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। जिससे पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। वहीं एएसपी ऋषिकेश मीणा अन्य पुलिस अफसरों के साथ घटनास्थल पर मौका मुआयना करने पहुंचे।
पुलिस द्वारा अब दोनों ही मामलों में आरोपियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल व उसके इर्द-गिर्द लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं। दोनों ही वारदातों में लुटेरों की उम्र 25-30 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस यह तस्दीक भी कर रही है, कि कहीं दोनों ही वारदातों में एक ही गैंग तो शामिल नहीं है।