महिला से पर्स लूटने वाला आरोपी पुलिस ने पकड़ा, एक फरार

Feb 11 2024

ग्वालियर। ग्वालियर थाना पुलिस ने एक माह पहले महिला से मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नगदी लूट कर भागे दो बाइक सवार बदमाशों में से एक को पकड़ लिया। जबकि उसका दूरा साथी अभी फरार है।
पुलिस से मिली जानकरी के मुताबिक ग्वालियर थाना पुलिस में गत 10 जनवरी को फरियादिया माधवी बाथम ने शिकायत दर्ज करायी गयी थी कि वह अपने ऑफिस सिटी सेन्टर से चार शहर का नाका होते हुये वापस अपने घर आ रही थी जैसे ही वह पैदल-पैदल जनमित्र केन्द्र के सामने चार शहर का नाका पर पहुंची, तभी पीछे से एक मोटर साइकल पर सवार दो अज्ञात लडक़े आये और मोटर साइकल पर पीछे बैठे लडके ने मेरे पर्स को झपट्टा मारकर छीन लिया और मौके से भाग गये। पर्स में एक मोबाइल और लगभग 18 हजार रूपये नगदी रखे थे। थाना प्रभारी ग्वालियर जितेन्द्र सिंह तोमर द्वारा थाना बल की एक टीम को उक्त लूट के प्रकरण के आरोपियों को पतारसी हेतु लगाया गया।
जांच के दौरान जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त घटना दिनांक को लूट करने वाले दो लडक़ों में से एक लडक़ा मछली मंडी के पास खड़ा हुआ है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। मुखविर द्वारा बताये स्थान पर पुलिस टीम को एक लडक़ा खड़ा दिखा, जिसने पुलिस को देखकर मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम द्वारा उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये लडक़े से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ की गयी तो उसके पहले पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया गया। लेकिन गहनता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर महिला का मोबाइल व पर्स लूट करना बताया। 
पुलिस ने पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त बाइक एमपी-07-एमके-0479 व लूटा हुआ मोबाइल एवं लूट के रूपये में से 15 सौ रूपये बरामद किए गए। पुलिस पकडे गये लुटेरे के साथी की तलाश कर रही है। पुलिस को उमीद है कि पकड़े गए बदमाश से लूट की अन्य वारदातों का खुलासा हो सकेगा।