पुलिस विभाग आरटीआई एक्ट से डायरेक्ट जुड़ा हुआ है: राहुल सिंह

Feb 11 2024

ग्वालियर। सूचना का अधिकार प्रावधानों के विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में किया गया। इस अवसर पर भोपाल से आए राज्य सूचना आयुक्त राहुल सिंह ने एक्ट के प्रावधानों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होने उपस्थित पुलिस अधिकारियों से कहा कि यह एक गंभीर विषय है और जब आरटीआई लगाई जाती है तो उसे गंभीरता से लेना चाहिए और सभी थाना प्रभारी एक रजिस्टर रखे जिससे लगने वाली आरटीआई के संबंध में जानकारी को लेख करें।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त राहुल सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग आरटीआई एक्ट से डायरेक्ट जुड़ा हुआ है। सभी को प्रयास करना चाहिए कि जो आरटीआई लगा रहा है, वह आपके द्वारा दी गई जानकारी से पूर्णत: संतुष्ट हो। कई बार आप लोग आरटीआई की जानकारी में त्रुटि कर जाते हैं, जिसका नुकसान भी उठाना पड़ता है। 
सही जानकारी देने के लिए आप सभी को अपने थाने का रिकॉर्ड दुरुस्त व सटीक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को 30 दिन की समय सीमा की जानकारी है, जबकि कुछ मामलों में तो 24 घंटे के अन्दर ही आरटीआई के तहत जानकारी उपलब्ध करानी होती है। 
इस अवसर पर उन्होंने आरटीआई के कई ऐसे प्रावधानों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया जिनके संबंध में वह अनभिज्ञ थे। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति आरटीआई लगाता है, उससे सद्भाव पूर्वक व्यवहार रखते हुए जानकारी उपलध कराएं।
इस अवसर पर उन्होंने आरटीआई के प्रावधानों के तहत होने वाली सजा के संबंधों में भी पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों द्वारा आरटीआई प्रावधानों के संबंध में किए गए प्रश्नों व संदेह का निराकरण भी किया गया। कार्यक्रम में आरटीआई अधिवक्ता अभय जैन ने भी आरटीआई के प्रावधानों से अवगत कराया।
वहीं एसपी राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि आरटीआई एट बहुत ही महत्वपूर्ण विषय है और आरटीआई ही कानून व्यवस्था को पारदर्शी बनाता है। कई बार हम लोग ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण आरटीआई संबंधी मामलों में त्रुटि कर जाते हैं। जिसमें हमें सुधार लाने की काफी आवश्यकता है। उनके द्वारा प्रशिक्षण में उपस्थित सभी थाना प्रभारियों को थाने के रिकॉर्ड का उचित व व्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिये और उन्होने कहा कि कोई भी कार्यवाही करते समय इस बात का ध्यान अवश्य रखें कि भविष्य में आरटीआई के तहत जानकारी देनी पड़ सकती है। प्रशिक्षण कार्यशाला के अंत में राज्य सूचना आयुक्त राहुल सिंह एवं उनकी टीम को प्रशिक्षण देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और ग्वालियर पुलिस की ओर से स्मृति चिन्ह भेट किये।
 प्रशिक्षण कार्यशाला में एसपी राजेश सिंह चंदेल, एएसपी क्राइम ऋषिकेश मीना, षियाज केएम, गजेन्द्र सिंह वर्धमान, निरंजन शर्मा, अभय जैन आरटीआई अधिवक्ता सहित पुलिस के राजपत्रित अधिकारी व ग्वालियर जिले के समस्त थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।