डीआरएम को स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों में कई कमियां मिली

Feb 10 2024

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह झांसी रेल मंडल के डीआरएम डीके सिन्हा ने निरीक्षण किया है। इस दौरान डीआरएम को स्टेशन पर विकास कार्यों के साथ ही स्वच्छता से जुड़ी बहुत सारी कमियां और लापरवाही नजर आई। अस पर डीआरएम ने स्टेशन प्रबंधक और निर्माण एजेंसी को सख्त हिदायत देते हुए स्वच्छता की मॉनिटरिंग करने के साथ निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को परेशानी ना आए इस संबंध में खास निर्देश दिए हैं।
करोड़ों रुपए की लागत से ग्वालियर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने जल्द ही रेलवे के जीएम का ग्वालियर आगमन है यही वजह है कि जीएम के आगमन से पहले डीआरएम झांसी मंडल ने व्यवस्थाओं और कार्य प्रगति का निरीक्षण किया है। दरअसल इतिहास के पन्नो में ग्वालियर रेलवे स्टेशन का विशेष स्थान है। यहां डीआरएम ने यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था को चेक किया। कुछ प्याऊ पर काफी गंदगी मिली है।
सन 1878 में इस स्टेशन को नींव रखी गई थी। ग्वालियर रेलवे स्टेशन अपना ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व भी रखता है। इसकी नींव तत्कालीन सिंधिया शासक ने साल 1878 में रखी थी। इसके बाद 1940 में ग्वालियर के तत्कालीन महाराजा जियाजी राव सिंधिया ने वर्तमान रेलवे स्टेशन का हेरिटेज लुक पर निर्माण कराया था। लेकिन आज के दौर में ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ती यात्रियों की संख्या के चलते रेलवे स्टेशन का 500 करोड़ की लागत से पुनरुद्धार के साथ विस्तार किया जा रहा है।
वही इसका निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है। ऐसे में कार्य प्रगति का ज्यादा लेने के लिए शनिवार को झांसी रेल मंडल के डीआरएम डीके सिन्हा ने निरीक्षण किया इस दौरान मुख्य दरवाजे पर ही गंदगी देख डीआरएम ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीआरएम ने स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य एजेंसी को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों को निर्माण कार्य के चलते परेशान ना होना पड़े साथ ही उनका सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए ही निर्माण कार्य किया जाए। गौरतलब है कि जल्द ही उत्तर मध्य रेलवे के जीएम का भी ग्वालियर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण दौरा संभावित है। ऐसे में उनके आने से पहले डीआरएम ने निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए है।