किसान के सूने घर से नगदी व सोने-चांदी के गहने सहित 3 लाख चुरा ले गए चोर

Feb 09 2024

ग्वालियर। दिन-दहाड़े अज्ञात चोरों ने घर पर ताला डालकर खेत पर गए किसान के सूने घर पर धावा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने किसान के घर में रखें सोने-चांदी के गहने और नगदी सहित करीब 3 लाख रुपए का माल चोरी कर लिया। घटना तिघरा थाना क्षेत्र के ग्राम सौजना गांव की है। चोरी का पता उस समय चला जब किसान परिवार सहित खेत से वापस आया तो घर के ताले टूटे हुए थे और नगदी व गहने गायब थे। जिसकी सूचना किसान ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
तिघरा थाना क्षेत्र के सौजना गांव में रहने वाले सुल्तान सिंह पुत्र चंदन सिंह कुशवाह एक किसान है और वह अपनी पत्नी भूरी बाई और बेटा अजय के साथ दोपहर 12 बजे खेत पर काम करने चले गए थे और शाम चार बजे जब वह वापस आए तो ताले टूटे पड़े हुए थे और पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि बक्से में रखे सोने व चांदी के जेवर के साथ ही 20 हजार रुपए की नगदी गायब है। इसका पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची अैर जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
पीडि़त ने पुलिस अफसरों को बताया कि चोर यहां से 20 हजार रुपए की नगदी के साथ ही सोने का मंगलसूत्र, चार चूड़ी, कान के फूल, चांदी की तोडिया, करधौनी के साथ ही पायजेब व अन्य कीमती माल पर हाथ साफ कर गए है। चोरी गए माल की कीमत करीब तीन लाख रूपए बताई गई।
तिघरा थाना प्रभारी का मानना है कि वारदात को स्थानीय चोरों ने अंजाम दिया होगा। क्योंकि जितने इत्मीनान से किसान के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जैसे चोरों को मालूम हो कि घर का मालिक अभी नहीं आना है। इससे चोरों का स्थानीय होने की आशंका है।