निमंत्रण के बहाने वृद्धा को लूटने वाला बदमाश पकड़ा,चेन व अंगूठी मिली

Feb 08 2024

ग्वालियर। निमंत्रण के बहाने होटल में ले जाकर वृद्धा से सोने की चेन और अंगूठी लूटकर फरार हुए शातिर लुटेरे को सिरोल थाना पुलिस ने शिन्दे की छावनी से पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े लुटेरे से वृद्ध महिला से लूटी गई सोने चेन,अंगूठी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है। हालांकि पुलिस के हाथ आने से पहले आरोपी ने भागने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उसे मौका नहीं दिया। जांच पड़ताल में पता चला है कि आरोपी पर मुरैना जिले में भी कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।
एससी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि 5 जनवरी की रात 70 वर्षीय मुन्नी कटारे निवासी मीरा नगर को निमंत्रण का झांसा देकर पड़ोस में किराए के कमरे में रहने वाला विनोद तिवारी अपने साथ ले गया था और एक होटल में ले जाकर सोने की चेन व अंगूठी लूर ली थी। लूट से पहले आरोपी ने वृद्धा से मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर एक पुलिस टीम के साथ ही साइबर की टीम को लगाया गया था। 
आरोपी की तलाश की पर उसका कहीं पता नहीं चला, तो उसके रिश्तेदारों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसका ननिहाल बानमोर में है और कुछ परिजन मुरैना में रहते है। इसका पता चलते ही पुलिस टीम मुरैना पहुंची तो पता चला कि आरोपी कुछ ही देर पहले ग्वालियर जाने के लिए निकला है।
इसका पता चलते ही पुलिस वापस लौटी और पूरा हाइवे उसकी तलाश करती हुई जब शिन्दे की छावनी पहुंची तभी आरोपी पुलिस को नजर आया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिस ने उसे मौका नहीं दिया और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आए है। अब पुलिस अफसर उससे पूछताछ में जुट गए है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया तो पता चला कि आरोपी पर मुरैना जिले में हत्या के प्रयाग में धारा 307, 316, 342 ,364,294 और 506, के मामले दर्ज हैं। वहीं बामौर में डकैती के अपराध में धारा 399, 25 27 और 268 के मामले दर्ज हैं। 
इसके अलावा आरोपी पर उत्तरप्रदेश के आगरा और जौरा में भी कई अपराध दर्ज हैं जिनकी पुलिस जानकारी जुटा रही है। साथ ही पुलिस आरोपी के द्वारा की गई अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।