माध्यमिक शिक्षा मण्डल की परीक्षाएँ शुरू
Feb 05 2024
ग्वालियर। शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल की परीक्षाएं सोमवार से शुरू करा दी हैं। इसके तहत पहला पेपर हिंदी विषय का सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे की पाली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह खुद टीम के साथ उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरार के परीक्षा केन्द्र पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्हें व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। यहां पर एमएलबी कन्या मुरार और एक निजी स्कूल के कुल 454 परीक्षार्थीओं ने परीक्षा दी। खास बात यह रही कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के दो घंटे बाद तक सेंटर से बाहर नहीं जाने दिया।
सोमवार सुबह दसवीं की परीक्षा शहर में कुल 92 सेंटर पर कराई गई। हर सेंटर से सौ मीटर की दूरी तक धारा 144 लागू कर दी गई थी। आस-पास जो भी बाहरी व्यक्ति दिखे, उन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया। इसके चलते पहला पेपर शांति से निपट गया। किसी भी सेंटर पर किसी तरह के विवाद की शिकायत सामने नहीं आई। परीक्षाएं कराने के लिए करीब 2800 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें से कुछ शिक्षक रिजर्व ड्यूटी के लिए रखे गए हैं।
संवदेनशील सेंटर्स पर कड़ी निगरानी
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 92 केन्द्र बनाए हैं। इनमें 40 सामान्य केन्द्र हैं। बांकी 42 संवेदनशील और 10 अति संवेदनशील केन्द्र हैं। संवेदनशीटल केन्द्रों पर कड़ी निगरानी रही। नकल रोकने के लिए पुलिस पुलिस टीम को साथ लेकर 27 उडऩदस्ते अलग-अलग सेंटरों पर लगातार निरीक्षण करते रहे।
8.40 बजे के बाद पहुंचे छात्रों का छूटा पेपर
परीक्षा सेंटर्स पर उन्हीं परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया, जो सुबह 8 बजे तक पहुंच गए थे। इसके बाद विशेष परिस्थिति में छात्रों को अनुमति दी गई। 8:40 बजे के बाद किसी भी छात्र को एंट्री नहीं दी गई। ऐसे परीक्षार्थियों का पेपर छूट गया।
सोमवार को जिन परीक्षार्थियों का पेपर था, वे रात भर तैयारी में जुटे रहे। सेंटर के लिए निकलने से पहले छात्रों ने भगवान से प्राथर्ना की कि अच्छे से पेपर हल हो। कुछ छात्रों ने घर भी ही पूजा-अर्चना की तो कुछ नजदीकी मंदिरों में मत्था टेकने गए तब सेंटर पर पहुंचे। बच्चों के माता- पिता ने दही पेड़ा खिलाकर उन्हें पेपर देने भेजा। छात्रों ने माता-पिता व बड़ों के पैर छूकर आर्शीवाद भी लिया।
केन्द्राध्यक्ष सहित ड्यूटी स्टॉफ के मोबाइल जमा कराए
परीक्षा में मोबाइल पूरी तरह से प्रतिबंधित रहे। ड्यूटी करने वाले शिक्षकों सहित केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष के मोबाइल फोन भी सेंटर पर बंद कराकर एक जगह जमा करा दिए गए। पिछले कुछ वर्षों से मोबाइल पर पेपर लीक होनी की शिकायतें मिलती रहीं हैं, इसी के मद्देनजर स्टॉफ के लिए मोबाइल पर रोक लगाई गई है।
ओटी लीक होने की अफवाह
कुछ सेंटर्स के बाहर ओटी प्रश्नों (आब्जेक्टिव टाइप) के उत्तर लीक होने की अफवाह भी उड़ी। ऐसी खबरें फैली कि लॉटरी के जरिए ओटी प्रश्नों के उत्तर हल कराए गए। शिक्षा विभाग के अफसरों ने ओटी लीक होने को सिरे से खारिज किया।
सघन तलाशी लेकर ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया
हर सेंटर पर तलाशी के दौरान परीक्षार्थियों पर जो भी सामान मिला, वह बाहर ही रखवा दिया गया। जूते-मौजे उतवाकर देखा गया कि नकल छिपाकर तो नहीं लाए। हर सेंटर पर छात्राओं की तलाशी के लिए महिला शिक्षिकाएं तैनात की गईं थीं। सभी। परीक्षा केन्द्रों पर कुल 28249 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, मगर इनमें से कई विद्यार्थी अलग-अलग सेंटरों पर अनुपस्थित रहे।
शिक्षकों की भी होगी परीक्षा और ग्रेडिंग के आधार पर दिलाया जाएगा प्रशिक्षण
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक स्तर तक शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिये विशेष प्रयास करने पर बल दिया है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा को निर्देश दिए कि शिक्षकों के लिये रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ। इससे पहले शिक्षकों की परीक्षा लें और ग्रेडिंग तय करें। ग्रेडिंग तय करने के बाद उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिलाएँ जिससे वे और दक्ष होकर बच्चों को पढ़ा सकें।
12वीं का पहला पेपर आज
एमपी बोर्ड परीक्षाओं के तहत 12 वीं का भी पहला हिंदी विषय का पेपर आज 6 फरवरी को कराया जाएगा। यह परीक्षा भी जिले में सभी 92 सेंटरों पर सुबह 9 बजे से 12 बजे तक कराई जाएगी।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









