केन्द्रीय मंत्री सिंधिया आज करेंगे सांसद खेल प्रतियोगिता का उदघाटन, ऊर्जा मंत्री तोमर ने तैयारियों की समीक्षा की

Feb 02 2024

ग्वालियर। जिला स्तरीय सांसद (राज्यसभा) खेल प्रतियोगिता का फूलबाग मैदान पर आज 3 फरवरी को भव्य शुभारंभ होगा। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रतियोगिता का शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे उदघाटन करेंगे। इससे पहले सुबह 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यह प्रतियोगिताएँ 3 से 6 फरवरी तक आयोजित होंगीं। 6 फरवरी को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आठ खेल विधाओं में भाग लेने के लिये अब तक 1660 खिलाडिय़ों के नामांकन हो चुके हैं। प्रतियोगिता में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।  
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतियोगिता आयोजन से संबंधित समितियों के सदस्यों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी लोग मिल जुलकर इस खेल प्रतियोगिता को भव्यता और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ सत्पन्न कराएँ। 
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर का नाम रोशन कर रहे राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों को जिला स्तरीय सांसद प्रतियोगिता में स मानित किया जायेगा। विजेता, उप विजेता व तृतीय स्थान पर रहे खिलाडिय़ों को शील्ड व नगद पुरस्कार के साथ-साथ प्रतियोगिता में सहभागिता करने आ रहे सभी खिलाडिय़ों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगद पुरस्कार की व्यवस्था भी उनकी ओर से रहेगी। 
 कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि प्रतियोगिता में जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाडिय़ों के आवागमन के लिये हर विकासखंड में वाहन व्यवस्था भी की गई है। आयोजन स्थल पर पेयजल सहित अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विभिन्न अधिकारियों को सौंपी है। 
 जिला खेल अधिकारी श्री बक्सला ने बैठक में जानकारी दी कि प्रतयोगिता में खो-खो, रस्साकसी, कबड्डी, बॉलीबॉल, सितौलिया, पॉवर लिफ्टिंग, लम्बी कूँद व गोला फेंक इत्यादि खेल विधाओं के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन के प्रयास भी किए जा रहे हैं।