बीएसएफ के बाइकर्स और श्वान दस्ते ने किए एक से बढकर एक रोमांचक प्रदर्शन

Jan 27 2024

एसएएफ मैदान पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में मौजूद नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल के जांबाज बाइकर्स व श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज व रोमांचकारी करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। बाइकर्स का शारीक संतुलन व अदम्य साहस देखते ही बन रहा था। जब तेज रफ्तार में बाइकर्स ने एक दूसरे के बीच से मोटर साइकिल निकालीं तो दर्शक दाँतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए। इसी तरह बाइक पर योग मुद्राओं का प्रदर्शन देखते ही बना। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर व तालियाँ बजाकर बाइकर्स के प्रदर्शन को सराहा। इसी तरह अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने करतल ध्वनि के साथ श्वान दस्ते का भी उत्साहवर्धन किया।