मंत्री सिंह कुशवाह ने मुख्य समारोह में फहराया राष्ट्रध्वज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

Jan 27 2024

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 75वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग, हर्षोंल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। यहाँ कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामयी मुख्य समारोह में सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। सुबह से ही वातावरण में छाए घने कोहरे व सर्द हवाओं के बावजूद शहरवासी भारतीय गणतंत्र के शीर्ष उत्सव को मनाने के लिए एसएएफ मैदान पर पहुँचे।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री श्री कुशवाह ने प्रात 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर  अक्षय कुमार सिंह व एसपी राजेश चंदेल के साथ खुली जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। श्री कुशवाह ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने हर्ष फायर किये और राष्ट्रपति के जयकारे लगाये। मंत्री श्री कुशवाह ने 75वे गणतंत्र दिवस की सभी जिलेवासियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरे, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को समारोह में सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियां, स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम व सामूहिक व्यायाम आकर्षण का केन्द्र रहे। साथ ही सीमा सुरक्षा बल के बाइकर्स व श्वान दस्ते ने हैरत अंगेज प्रदर्शन कर समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद शहर के नागरिकों को रोमांचित कर दिया।  
बीएसएफ, एसएएफ एवं सीआरपीएफ बैंड की मधुर धुन के बीच निकला आकर्षक मार्चपास्ट
संयुक्त परेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, विशेष सशस्त्र बल की द्वितीय वाहिनी, 13वीं व 14वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर बालक व बालिका, एनसीसी जूनियर बालक व बालिका, स्काउट गाइड, शौर्या दल व नगर रक्षा समिति की टुकडिय़ों ने बीएसएफ, सीआरपीएफ एवं द्वितीय वाहिनी एसएएफ के बैण्ड की मधुर धुन के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया। संयुक्त परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर निरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा ने किया। टूआईसी की भूमिका सूबेदार प्रेम सिंह राठौर ने निभाई। मार्चपास्ट के पश्चात सभी टुकडिय़ों के परेड कमांडर्स से मुख्य अतिथि मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने परिचय प्राप्त किया। इस मार्चपास्ट में सीनियर वर्ग में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को प्रथम, सीमा सुरक्षा बल को द्वितीय एवं एसएएफ 13 वी वाहनीं की टुकड़ी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर गर्ल्स को प्रथम, एनसीसी सीनियर बॉयज को द्वितीय एवं एनसीसी जूनियर गर्ल्स को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा शौर्या दल और ग्राम रक्षा समिति की टुकडिय़ों को सांत्वना पुरस्कार की श्रेणी में रखा गया।  मुख्य अतिथि द्वारा इन सभी टुकडिय़ों शील्ड प्रदान की गईं।