बच्चा जेल से हत्या के 7 आरोपी फरार, सुरक्षा गार्ड को धक्का देकर भाग निकले, 1 नाबालिग गिरफ्तार

Jan 25 2024

ग्वालियर। ग्वालियर शहर की बाल संप्रेक्षण गृह (बच्चा जेल) से 7 नाबालिग आरोपी फरार हो गए है। आरोपियों के फरार होने की खबर से विभाग में हडक़ंप मच गया। कर्मचारियों ने नाबालिगों के फरार होने की सूचना अधिकारियों को दी। सभी फरार छह बदमाश हत्या सहित अन्य मामलों के आरोपी है।
जानकारी के अनुसार 25 जनवरी गुरूवार सुबह 9 बजे सुरक्षा गार्ड को धक्का देकर 6 आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद एक नाबालिग को पकड़ लिया गया है और 6 लोगों की तलाश जारी है। इनमें छात्रा अक्षया हत्याकांड के तीन आरोपी भी शामिल है।
पूर्व डीजीपी सुरेंद्र सिंह यादव की नातिन अक्षया यादव की दिन दहाड़े हत्या कर हडक़ंप मचाने वाले 6 आरोपी गुरूवार सुबह बाल संप्रेषण गृह से भाग गए। इसके बाद हत्याकांड में गवाहों के घर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि माधवगंज थाना इलाके में छात्रा अक्षया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। वह पूर्व डीजीपी सुरेन्द्र सिंह यादव की नातिन थी। उसकी हत्या का आरोप सुमित रावत नाम के बदमाश और उसके 6 साथियों पर लगा था। अक्षया अपनी सहेली सोनाली शर्मा के साथ स्कूटी से कोचिंग से लौट रही थी। तभी सुमित अक्षया की सहेली सोनाक्षी शर्मा पर हमला करने पहुंचा था। बदमाश ने सोनाक्षी को टारगेट कर गोली चलाई थी, लेकिन गोली अक्षया को लग गई थी। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को जेल भेजने के साथ 6 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा था। यही से 6 नाबालिग आरोपी भाग गए हैं। घटना सामने आने के बाद अक्षया के पिता ने गुरूवार सुबह एसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए। इस केस से जुड़े गवाहों के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस सभी संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। समाचार लिखे जाने तक फरार नाबालिग आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।