एक्टिवा सवार दो तस्करों को 20 किलो गांजा के साथ पकड़ा

Jan 21 2024

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब व मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना जनकगंज क्षेत्रान्तर्गत लक्ष्मीगंज एरिया में दो व्यक्ति एक्टिवा पर एक बोरी में गांजा लिए हुए बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। उक्त सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। 
मुखबिर की सूचना पर एसपी चंदेल द्वारा एएसपी क्राइम ऋषिकेश मीना व गजेन्द्र सिंह वर्धमान को क्राईम ब्रांच व थाना जनकगंज पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर गांजा तस्करों को पकडऩे के लिये निर्देशित किया गया।
सूचना पर थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच अमरसिंह सिकरवार एवं थाना प्रभारी जनकगंज विपेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा क्राईम व थाना जनकगंज पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान मरघट रोड लक्ष्मीगंज के पास भेजा गया। पुलिस टीम को मरघट रोड लक्षमीगंज के पास आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग प्रारम्भ की। कुछ समय बाद पुलिस टीम को एक एक्टिवा क्रमांक एमपी07-जेडके-6168 आती दिखी। पुलिस की चेकिंग देखकर उन्होने एक्टिवा लौटाने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा एक्टिवा सवार दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्धों के नाम पता पूछने पर एक ने संजय नगर पानी की टंकी के पास एवं दूसरे ने जटार गली लक्ष्मीगंज का होना बताया। 
एक्टिवा पर रखी बोरी की तलाशाी लेने पर उसमें गंाजा भरा हुआ पाया गया। पुलिस द्वारा तस्करों से मिले गांजे की तौल करने पर कुल 20 किलो 770 ग्राम गांजा कीमती लगभग 2 लाख रूपये का पाया गया। जिसे विधिवत् जप्त किया गया। पकड़े गये तस्करों से गंाजे के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पकड़े गये तस्करों के विरूद्ध थाना जनकगंज में एनडीपीएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।