21 जनवरी की रात से धार्मिक स्थानों पर तैनात होगी फोर्स, 22 को होगा ट्रैफिक डायवर्जन

Jan 20 2024

ग्वालियर। अयोध्या में राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन शहरभर में कार्यक्रम होंगे। इसको लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में हुई। बैठक में डीआईजी कृष्णावेणी देशावतु और एसपी राजेश सिंह चंदेल ने अधीनस्थों और थाना प्रभारियों की बैठक ली। इसमें बताया गया कि शहर के जिन मंदिरों में आयोजन हो रहे हैं वहां पर आज 21 जनवरी की रात से ही पुलिस जवान तैनात कर दिए जाएंगे।
बैठक में डीआईजी ग्वालियर ने उपस्थित सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वह अपने फोर्स के साथ ड्यूटी के दौरान बर्दी में रहेंगे तथा किसी क्रिमिनल को पकडऩे या दबिश देने से पूर्व अपने वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक रूप से सूचित करेंगे। ड्यूटी के समय पुलिस अधिकारी व कर्मचारी अपने साथ शासकीय आम्र्स रखेंगे और सभी थाना प्रभारी अवैध शराब व भूमाफिया के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति के तहत कार्यवाही करेंगे। बैठक में डीआईजी ग्वालियर ने कहा कि अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को दृष्टिगत रखते हुए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित मंदिर, मस्जिद व चर्च के धर्मगुरूओं से संपर्क स्थापित करें और 22 जनवरी को मंदिरों में होने वाले आयोजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त करें। 
इसके अलावा जिन मंदिर पर पुलिस फोर्स की जरूरत है उसका पता करने की जिम्मेदारी संबंधित बीट प्रभारी को दी गई है। शहर के दूसरे धार्मिक स्थलों के आसपास भी फोर्स तैनात रहेगा। शहर के संवेदनशील इलाकों पर भी पुलिस की नजर है। यहां पर मोबाइल पार्टी लगातार निगरानी रखेंगी। 
शहर के संवेदनशील इलाकों और ऐसी जगहों पर पिकेट लगाकर चेकिंग होगी। ड्यूटी पर रहने वाले सभी कर्मचारी अपने साथ शासकीय आर्म्स रखेंगे। सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च के धर्मगुरुओं से बात करेंगे। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बाहर से संदिग्धों पर पुलिस की नजर रहेगी।
शहर में 22 जनवरी को होने वाले आयोजन को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। सनातन धर्म मंदिर से फालका बाजार स्थित राम मंदिर तक पहुंचने वाले चल समारोह के दौरान शहर के 5 रूटों पर डायवर्जन रहेगा। 3 जगहों पर ट्रैफिक पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। एएसपी ऋषिकेश मीणा ने बताया कि इस दौरान लोग वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे। यातायात पुलिस के मुताबिक 22 जनवरी को शहर में 20 छोटे-बड़े आयोजन की जानकारी अब तक उनके पास आ चुकी है।
22 जनवरी को पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर भी रहेगी। किसी भी समाज को उत्तेजित करने वाली या अमर्यादित टिप्पणी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए पुलिस की एक टीम अलग से लगाई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाएं। इस दौरान धार्मिक स्थलों पर कोई विवादास्पद बैनर या पोस्टर न लगा हो इस पर भी नजर रखें। शराब की तस्करी करने वाले पर कार्रवाई के निर्देश डीआईजी ने दिए हैं। इस अवधि में विशेषतौर पर इन पर नजर रखने को कहा गया है। साथ ही इनामी बदमाशों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
बैठक में एएसपी ऋषिकेश मीणा, अमृत मीणा, निरंजन शर्मा, गजेंद्र वर्धमान सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।