ठंड से कांप रहे बच्चे, टाइमिंग बढ़ाई, नहीं की छुट्टी

Jan 19 2024

ग्वालियर। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा ने ग्वालियर-चंबल अंचल के शहरों को कंपकंपा दिया है। हाड़ कंपा देने व गलन वाली सर्दी ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना व शिवपुरी में पड़ रही है। सूर्य न निकलने व धूप के दर्शन न होने से दिन में पारा सामान्य से 6 से 7 डिग्री नीचे आ गया है। ठंड से स्कूल जाते हुए बच्चे कांप रहे हैं, लेकिन कलेक्टर ग्वालियर ने अभी तक अवकाश की घोषणा नहीं की है। स्कूल टाइमिंग बढ़ाकर 11 बजे क दी है। कोहरा सिर्फ रात को अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। शीत लहर चलने से कोहरा कम रहा है। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल इस सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी जा सकता है।
ग्वालियर में नए साल की शुरुआत सीवियर कोल्ड डे के साथ हुई थी। लगातार 9 दिन आसमान में धूप नहीं निकलने से दिन का पारा 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था। इसके बाद दिन में सूर्य की किरणें तीखी हुई तो वापस दिन का पारा 20 से 22 डिग्री पर आ गया, लेकिन बीते तीन दिन से फिर मौसम बदल गया है। दिन में धूप न निकलने से लगातार रात के साथ दिन का तापमान नीचे आता जा रहा है। जिस कारण शहर के लोगों को गलन व हाड़ कंपा देने वाली ठंड का अहसास हो रहा है। लोग दिनभर अलाव के सहारे बैठे नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि मध्य प्रदेश में ग्वालियर-चंबल अंचल के शहर सबसे ठंडे बने हुए हैं।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का कहना है कि फिलहाल ग्वालियर अंचल में सर्दी का सितम थमने वाला नहीं है। हवा बर्फीले पहाड़ों से टकराकर मैदानी इलाकों में पहुंच रही है। लगातार दिन में तापमान कम हो रहा है। धूप नहीं निकलने के कारण दिन का तापमान कम हो रहा है। अब रात का पारा भी अगले तीन से चार दिन में बदल सकता है। रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे आ सकता है।
कोहरा के चलते देरी से आ रही ट्रेनें
ग्वालियर अंचल में ज्यादा घना कोहरा नहीं रहा है। कोहरा में दृश्यता 700 से 900 मीटर तक रही है। कोहरा के चलते ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। कई ट्रेन सुबह आनी थी, लेकिन वह दोपहर या शाम को आ रही है। शताब्दी एक्सप्रेस व वंदे भारत एक्सप्रेस भी चार से पांच घंटे से देरी में चल रही है।
ठंड में संभलकर रहें
सर्दियों में ठंड बढ़ते ही हार्ट अटैक व ब्रेन अटैक के केस बढऩे लगते हैं। यही कारण है कि डॉक्टर बाहर कम निकलने की सलाह देता है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे में गर्म तासीर का खाना खाएं, गर्म पानी का सेवर करें। इससे आपकी सेहद बनी रहेगी। ठंडे पानी से न नहाएं, बिना गर्म कपड़े बाहर न जाएं। बिस्तर से निकलकर सीधे बाहर न निकलें। ब्लड प्रेशर व शुगर के पेशेंट समय पर दवा खाएं।