22 जनवरी को प्रदेशभर के अजाक्स कार्यालयों में मनाया जाएगा दीपोत्सव सा त्योहार:प्रांताध्यक्ष मौर्य

Jan 18 2024

ग्वालियर। श्रीराम जन्मभूमि आयोध्या में लगभग 500 वर्ष की प्रतिक्षा के बाद 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इस मौके पर प्रदेशभर के अजाक्स कार्यालयों में इस दिन दीपोत्सव सा त्यौहार मनाया जाएगा। ग्वालियर अजाक्स कार्यालय पर शाम 6 बजे 1100 दीपक जलाए जायेंगे। यह बात पत्रकारों से चर्चा करते हुए अजाक्स प्रातांध्यक्ष चौ.मुकेश मौर्य ने कही। 
मुकेश मौर्य ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) शहर एवं  प्रदेशवासियों से आग्रह करता है कि इस शुभदिन अपने घर पर कम से कम 5 दीपक अवश्य जलाएं। इसके साथ ही अपने घर पर या सामूहिक रूप से कॉलोनी, मोहल्ले, बस्ती में एकत्रित होकर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण देखें और रामधुन करें। अपने घर, गली-मौहल्लें और मंदिरों को आकर्षक लाइटों से सजाएं।  क्योंकि, यह दिन कोई आम नहीं ऐतिहासिक दिन है फिर वापस लौटकर नहीं आएगा। 
वहीं अतर सिंह जाटव, वृंदावन लुढेले, रामनरेश विमल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अजाक्स सभी से आग्रह करता है कि अनेक लोग तरह-तरह की बातें करके भटकाने या भ्रम फैलाने का प्रयास करेंगे। ऐसे लोगों की बातों पर ध्यान न दें। हमारे धर्माचार्यों ने भी कहा है कि नकारात्मक बातें अनदेखा करके इस ऐतिहासिक प्रसंग को अमर कर दें। समाज में सब प्रकार की बातें करने वाले लोग रहते हैं, लेकिन हमें रामत्व को चुनना है, राम को चुनना है।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान मनोहर कटारिया, महेन्द्र कौशिल, पुत्तू सिंह परिहार, आरबीएस धारिया, आरएन विमल, डॉ. अनिल मेवाफरोश, इंजी.राजवीर सिंह राजे, वृंदावन लुड़ेले, एमएल लिथोरिया आदि उपस्थित थे।