ऑटो चालकों को दिलाई महिलाओं की सुरक्षा की शपथ

Jan 12 2024

ग्वालियर। पुलिस के जागरूकता अभियान चुप न रहें, आवाज उठाएं को लेकर महिला सुरक्षा शाखा, निर्भया की महिला पुलिस अधिकारी व कर्मियों के साथ ही आरपीएफ व बीएसएफ का बल रेलवे स्टेशन पहुंचा और ऑटो चालकों के बीच महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया।
एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अखिलेश रैनवाल व डीएसपी महिला अपराध किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में जिले में महिला जागरूकता सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए चुप न रहें, आवाज उठाएं, जागरूकता अभियान चलाया गया। इस टीम ने रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों के बीच जाकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए जानकारी दी। उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर, पुलिस हेल्पलाइन नंबर, साइबर हेल्पलाइन नंबर, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, राष्ट्रीय महिला आयोग हेल्पलाइन नंबर, पुलिस मोबाइल एप सिटीजन कॉप के बारे में जागरूक किया गया। सजग नागरिक समाज के पर्चे भी ऑटो एवं सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए गए। टीम ने महिलाओं की सुरक्षा करने के लिए उन्हें शपथ भी दिलाई।