सट्टा लगवा रहे सटोरियों पकड़े

Jan 11 2024

ग्वालियर। थार में सेटअप लगाकर सट्टा लगवा रहे दो सटोरियों को क्राइम ब्रांच की टीम ने सागरताल के पास से पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों से क्राइम ब्रांच ने थार गाड़ी के साथ ही सात मोबाइल बरामद किए हैं, जिसमें लाखों का हिसाब मिला है। पुलिस ने पकड़े गए सटोरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सटोरियों से पूछताछ के बाद कुछ अन्य सटोरिए भी हाथ लग सकते हैं। डीएसपी क्राइम शियाज केएम और नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि सूचना मिली थी कि थार गाड़ी में सटोरिए सेटअप जमाकर सट्टा लगवाते हैं। इसका पता चलते ही टीआई क्राइम ब्रांच अमर सिंह सिकरवार को सटोरियों को पकडऩे का टॉस्क दिया। जिस पर पुलिस की टीम सटोरियों की तलाश में लगी। 
दो दिन से क्राइम ब्रांच की टीम सटोरियों की तलाश में लगी थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहे थे। रोजाना की तरह क्राइम ब्रांच की टीम सटोरियों को तलाश करते हुए सागरताल इलाके में पहुंची तो थार गाड़ी मैदान में नजर आई। 
क्राइम ब्रांच की टीम को देखते ही सटोरियों ने अपने वाहन को स्टार्ट कर भगना शुरू कर दिया तो क्राइम ब्रांच भी उनके पीछे लग गई और कुछ ही देर की मशक्कत के बाद सटोरियों को पकड़ लिया। पकड़े गए सटोरियों से पूछताछ की तो पता चला कि पकड़े गए सटोरिए अलवर राजस्थान के रहने वाले दिनेश गुर्जर पुत्र किशन लाल और संजू पुत्र मुखराम गुर्जर हंै और सूरज विहार कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। सटोरियों को हिरासत में लेकर जब उनसे पुलिसने पूछताछ की तो पता चला कि सटोरिए दिल्ली और हरियाणा का सट्टा लगवाते थे और सट्टे का पूरा काम ऑनलाइन चलता था, इसके लिए आरोपी सात मोबाइल का इस्तेमाल करते थे। 
पुलिस अफसरों का मानना है कि जिस तरह आरोपी यहां पर सट्टा लगवा रहे थे, उससे इनके अन्य साथियों के होने की आशंका है, पकड़े गए सटोरियों से पुलिस पूछताछ  कर रही है।