ग्वालियर आ रहे हैं राम कार्यक्रम 13 जनवरी को

Jan 10 2024

ग्वालियर। आगामी 22 जनवरी को एक युगान्तकारी अध्याय जुडऩे जा रहा है। हजारों-हजार भक्तों की तपस्या और बलिदान के फलितार्थ प्रभु अपने निवास में विधिवत् विराजमान होने जा रहे हैं। भारत ही नहीं, अखिल विश्व में आज केवल श्रीराम का उद्घोष ही गुंजायमान है। इसी तारतम्य में 13 जनवरी शनिवार को शाम 6 बजे से सामाजिक संस्था सुशीलाम् स्मृति मंच रामस्य राष्ट्र: द्वारा ग्वालियर आ रहे हैं राम कार्यक्रम का आयोजन सिटी सेंटर स्थित रेशम तारा बैंक्विट हॉल में किया जा रहा है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए सुशीलाम् स्मृति मंच के संयोजक लोकेन्द्र पाराशर ने बताया कि ग्वालियर आ रहे हैं राम कार्यकम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान का मंगल प्रवेश होगा। इसके बाद ग्वालियरवासी भगवान राम की सामूहिक महाआरती करेंगे। महाआरती के पश्चात् भजन गायिका डॉ पारुल दीक्षित के भजन एवं एक कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया है। कवि सम्मेलन में सुश्री श्वेता सिंह, कमलेश शर्मा, रविन्द्र रवि एवं कमल आग्नेय कविता पाठ करेंगे। श्री पाराशर ने शहरवासियों से आयोजन में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।