दोस्त से मिलने छात्र की गला घोटकर हत्या, हाइवे किनारे मिला शव, मोबाइल गायब

Jan 05 2024

ग्वालियर। भिंड के एक छात्र की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है। छात्र का शव भिंड हाइवे पर बेहटा चौकी के पास मिला है। उसके गले पर स्पष्ट गला घोटने के निशान हैं। वह गुरुवार शाम को अपने रूम पार्टनर से यह कहकर निकला था कि किसी दोस्त से मिलने जा रहा है, लेकिन लौटा ही नहीं। शुक्रवार दोपहर उसका शव महाराजपुरा थाना के पास बेहटा चौकी के नजदीक मिला है। पर छात्र का मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन छात्र का मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। परिजन उसकी हत्या के संबंध में कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं।
हाइवे पर पोल पेट्रोलिंग करने का काम चल रहा था। रूट ऑफिसर राउंड पर निकले थे, तभी हाइवे से कुछ दूरी पर बेहटा चौकी के पास एक शव पड़ा दिखाई दिया था। जिस पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पड़ा हुआ था और मृतक के गले पर उसका गला घोंटने के स्पष्ट निशान थे। प्रारंभिक पड़ताल में ही मामला हत्या का नजर आ रहा था। जब पुलिस ने जांच के दौरान शव को पलटकर जेब में हाथ डाला तो आधार कार्ड, पेन कार्ड मिले हैं। जिससे मृतक की पहचान भिंड निवासी 23 वर्षीय उपेन्द्र यादव के रूप में हुई है। मृतक स्टेनो सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। यही कारण है कि वह ग्वालियर के थाटीपुर दुल्लपुर इलाके में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। वह गुरुवार शाम को अपने रूम पार्टनर राहुल से यह कहकर निकला था कि वह किसी दोस्त से मिलने जा रहा है। इसके बाद वह नहीं लौटा सुबह उसके शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस को मृतक छात्र का मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। न तो रूम पर मोबाइल मिला है न ही स्पॉट पर मोबाइल है। पुलिस उसके नंबर की कॉल डिटेल निकलवा रही है। साथ ही परिजन का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। दोस्तों में भी सबसे सामान्य व्यवहार रखता था। एक महीने पहले ही उसने थाटीपुर मयूर प्लाजा में लाइब्रेरी भी खोली थी। पुलिस पता लगा रही है कि छात्र की हत्या कौन कर सकता था। साथ ही वह किससे मिलने के लिए निकला था। वह हाइवे तक कैसे पहुंचा।
उपेन्द्र के चचेरे भाई कैलाश यादव ने बताया कि उपेन्द्र के घर में उसके अलावा उसकी मां व तीन बहने हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी मां उनके ही साथ रहती है। जो भी जमीन है उस पर खेती का काम ठेके पर कराया जाता है। जिसकी निगरानी उपेन्द्र ही करता था। वह तीन महीने से घर नहीं गया था।
इस मामले में सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि एक युवक का शव मिला था। प्रारंभिक जांच में हत्या प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।