बफीर्ली हवा और कोहरा की जुगलबंदी लोगों की परीक्षा ले रही

Jan 03 2024

ग्वालियर। ग्वालियर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। लगातार तीन दिन से प्रदेश में ग्वालियर सबसे ठंडा बना हुआ है। जिस कारण रात की अपेक्षा दिन में ठंड ज्यादा सता रही है। लोग गर्म कपड़े पहनने के बाद भी अलाव के सहारे बैठे नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल सर्दी कम होने वाली नहीं है। 8 जनवरी के बाद बारिश की संभावना भी है। संक्रांति तक ऐसे ही सर्दी पडऩे की संभावना है।
नए साल 2024 में अभी तक सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए हैं। धूप की एक भी किरण जमीन पर नहीं पड़ी है। यही कारण हैं कि लोग हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से जूझ रहे हैं। बफीर्ली हवा और कोहरा की जुगलबंदी लोगों की परीक्षा ले रही है। अब तो अलाव ही सहारां दे रहे हैं। बुधवार सुबह कोहरा नजर आया और दृश्यता 800 मीटर तक रह गई थी। शहर की अपेक्षा हाइवे पर कोहरा ज्यादा घना नजर आ आया है। 
बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस कारण फिलहाल सर्दी का सितम कम होने के आसार नहीं है। उधर जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पडने से नए साल में बारिश होने की संभावनाएं अब कम हो गई है, लेकिन इस कारण छाए बादलों ने रात के तापमान में मामूली वृद्धि कर दी है।
सर्दी का सितम शुरू होते ही हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़े हैं। बीते सात दिन में शहर के सरकारी व निजी अस्पतालों में आधा सैकड़ा हार्ट अटैक के केस आए हैं। जिनमें 8 की मौत हो गई है। इसके साथ ही ब्रेन अटैक के मामले भी ठंड ज्यादा होने पर आए हैं।