26 पंप पर सीएनजी खत्म, बचा एक से दो दिन पेट्रोल-डीजल

Jan 02 2024

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में दूसरे दिन मंगलवार को भी ट्रक-बस ड्राइवर्स की हड़ताल जारी है। ग्वालियर सहित भोपाल, इंदौर, जबलपुर जिलों में दूध, सब्जी, किराना पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सप्लाई प्रभावित हुई। बसें बंद होने से यात्रा पर भी असर हो रहा। स्कूल वैन बंद होने से कई स्कूलों में मंगलवार की छुट्टी घोषित कर दी गई है। कई स्कूलों की बसें नहीं चलीं। कुछ स्कूलों की बसें आईं, लेकिन बीच रास्ते से लौट गईं। 
ट्रक-बस चालक की हड़ताल के चलते पेट्रोल-डीजल व सीएनजी गैस पर संकट खड़ा होता जा रहा है। ग्वालियर में 26 से ज्यादा सीएनजी पंप पर गैस खत्म हो चुकी है, कई पंप पर एक से दो दिन तक का पेट्रोल-डीजल ही बचा है। जिस कारण पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों की सुबह-सुबह ही लाइन लगना शुरू हो गया है। साथ ही मंडी में ट्रक नहीं आने से ताजा सब्जियों के दाम दोगुना हो गए हैं।
ग्वालियर में पेट्रोल-डीजल का संकट न आए इस पर ग्वालियर रेंज की डीआईजी कृष्णावेणी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जरुरत पड़ी तो पुलिस की कड़ी सुरक्षा में पेट्रोल-डीजल के टैंकर लाए जाएंगे। पर किसी भी हालत में शहर में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं आने देंगे।
हिट एंड रन मामले में केन्द्र सरकार के नए कानून को लेकर ट्रक चालक हड़ताल पर चले गए थे और उन्होंने हाइवे पर ट्रकों को खड़ा कर जाम भी लगा दिया। नए साल पर बस चालक भी इस हड़ताल में शामिल हो गए हैं। जिससे हालात और बदतर हो गए हैं। ट्रकों के पहिए थमने से ग्वालियर के बाजारों व मंडी में सब्जी, राशन, पेट्रोल-डीजल व सीएनजी सहित अन्य सामग्री की कमी हो गई है। अभी व्यापारियों पर दो से तीन दिन का स्टॉक है, लेकिन हड़ताल जल्द नहीं टूटी तो संकट खड़ा हो जाएगा। सब्जी सहित अन्य सामग्री महंगी बिक रही है। ग्वालियर में 26 से ज्यादा सीएनसी पंप पर सीएनजी गैस खत्म हो गई है। पेट्रोल का स्टॉक भी बहुत कम रह गया है। ऐसे में किल्लत बढऩा स्वाभाविक है।
सब्जी मंडी में ट्रक से माल नहीं आए, दोगुना हुए सब्जी के दाम
बाजार में खरीदारी करने आए रिटायर्ड पुलिस अधीक्षक चेतराम सिंह भदौरिया का कहना है कि बाजार में ताजा सब्जी बहुत कम है। बाजार मांग और सप्लाई पर चलता है। मांग ज्यादा है सप्लाई कम है। सब्जियों के दाम दोगुना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि रतआलू खरीदे हैं 80 रुपए किलो मिले हैं, जबकि वह 35 से 40 रुपए प्रति किलो से ज्यादा नहीं होते हैं।
ग्वालियर में अभी पेट्रोल की किल्लत तो नहीं आई है, लेकिन लोगों को जैसे-जैसे हड़ताल का पता चल रहा है वह पेट्रोल पंप पर टैंक फुल कराने के लिए पहुंच रहे हैं। जिन पेट्रोल पंप पर तीन से चार दिन का सामान्य कोटा था वहां भी डबल बिक्री से पेट्रोल-डीजल का की किल्लत बढऩे लगी है।
कलेक्टर का कहना लोग पैनिक न करें, कोई किल्लत नहीं है
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि 24 घंटे लगातार निगरानी रख रहे हैं। जिले में कहीं भी ना तो पेट्रोल की किल्लत है ना ही डीजल की कोई कमी है। हर पंप पर पर्याप्त पेट्रोल-डीजल है। लोग अनावश्यक पैनिक ना करें। हमारी टीमें लगातार पंपों पर तेल की उपलब्धता की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
आवश्यक वस्तुओं को लाने से रोका तो सख्त एक्शन होगा
इधर आरटीओ एचके सिंह का कहना है कि हम लगातार हालात पर निगरानी बनाए हुए हैं। आवश्यक सामग्री को ले जाने वाले वाहनों को रोकने का प्रयास करने पर ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा।
पुलिस की सुरक्षा में लाए जाएंगे टैंकर
डीआईजी कृष्णावेणी ने कहा कि हम पूरी तरह तैयार है। ट्रांसपोर्टर से बातचीत भी चल रही है। जरुरत पड़ी तो हम पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच पेट्रोल-डीजल व गैस के टैंकर लेकर आएंगे। जिससे शहर के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल मिल सके।