कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

Jan 01 2024

ग्वालियर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में गोविन्द पुरी स्थित प्राचीन शिव शक्ति दुर्गा माता मंदिर से विशाल भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा भागवत पंडाल से शुरू हुई और प्राचीन मंदिर से होते हुए सचिन तेंदुलकर मार्ग जीवाजी यूनिवर्सिटी रोड से गोविन्दपुरी की परिक्रमा करते हुए वापस भागवत पंडाल परिसर में संपन्न हुई। 
कलश यात्रा के आगे-आगे मुख्य यजमान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया भोपाल के एजीएम राज शेखर श्रीवास्तव अपने सिर पर पोथी लेकर चल रहे थे एवं उसके आगे बैंड बाजे चल रहे थे। बैंड बाजों की धुन पर युवा थिरक रहे थे। कलश यात्रा का गोविन्द पुरी वासियों द्वारा जगह जगह पुष्प वर्षा के साथ तिलक कर भव्य स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पीले वस्त्र पहन कर व सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। इससे पूर्व कथा स्थल पर विधिवत हवन पूजन किया गया।
 कथा का शुभारंभ करते हुए भागवताचार्य पं. अनुप्रिया देवी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा,ऐसी कथा है, जो जीवन के उद्देश्य एवं दिशा को दर्शाती है। इसलिए जहां भी भागवत कथा होती है, इसे सुनने मात्र से वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियों से खत्म होकर सकारात्मक उर्जा से सशक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि कथा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है,जब इसे हम अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें। श्रीमद्भागवत कथा के श्रावण से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है।
पारदी मोहल्ला बालाजी दरबार में भागवत कथा आज से
शिन्दे की छावनी स्थित बालाजी दरबार पारदी मोहल्ला में 2 से 8 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। भगवान की कथा भागवताचार्य पं.घनश्याम शास्त्री महाराज सुनाएंगे। कथा आयोजक महंत नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि भागवत कथा सभी भक्त मंडल बालाजी दरबार के सहयोग से किया जा रहा है। कथा दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। कथा के पहले दिन बालाजी दरबार फालका बाजार से 101 कलशों द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी, और प्रथम दिवस की कथा में गणेश पूजन के साथ ज्ञान वैराग्य और धुंधकारी मोक्ष की कथा सुनाई जायेगी। जिसमे शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।