यातायात नियमों के उल्लंघन पर बसों का चालान, एक बस का बनाया कोर्ट चालान

Dec 29 2023

ग्वालियर। मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही यातायात पुलिस एक बार फिर सडक़ों पर उतरी और सवारी बसों एवं स्कूली बसों को चेक कर चालानी कार्रवाई की। 
जिले में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से डीएसपी ट्रैफिक अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस एक बार फिर सडक़ों पर उतरी। शहर के विवेकानंद चौराहा, बस स्टैंड एवं गोला का मंदिर चौराहे पर पुलिस ने सभी तरह की बसों को चेक किया। इस दौरान करीब 100 बसों को चेक किया गया तथा कुल 54 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर 32 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया। वहीं एक बस का कोर्ट चालान भी बनाया गया। 
यातायात पुलिस यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाए जाने के लिए प्रतिदिन शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग कर रही है, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। 
कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात कम्पू सोनम पाराशर, थाना प्रभारी यातायात गोला का मन्दिर हिमांशु तिवारी, थाना प्रभारी यातायात झांसीरोड अभिषेक रघुवंशी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।