महिला से मंगलसूत्र लूट कर भागने वाले एक नाबालिग सहित दो लुटेरे पकड़े

Dec 27 2023

ग्वालियर। एसपी राजेश सिंह चंदेल द्वारा शहर में हुई लूट की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए उन पर अंकुश लगाने व लुटेरों की शिनाख्त कर पकडऩे हेतु सभी थाना प्रभारियों को टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में थाना महाराजपुरा पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना महाराजपुरा क्षेत्रान्तर्गत पटरी रोड़ पर महिला से लूटे गये मंगलसूत्र के लुटेरे भदरौली पुराना रेलवे स्टेशन के पास बैठे हुये है। 
थाना महाराजपुरा पुलिस की सूचना पर एसपी चंदेल ने सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार को थाना प्रभारी महाराजपुरा हितेन्द्र सिंह राठौर को पुलिस बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही करने हेतु भेजा गया। मुखबिर के बताये स्थान पर पुलिस टीम पुहंची तो भदरौली के पुराना रेलवे स्टेशन के पास तीन संदिग्ध लडक़े दिखाई दिये, जिन्होने पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर झाडिय़ो की तरफ भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये तीनों लडक़ो से पूछताछ करने पर एक ने स्वयं को अयोध्या सिटी लक्ष्मनगढ़ पुल के पास थाना महाराजपुरा, दूसरे ने डीडीनगर महाराजपुरा एवं तीसरे ने ग्राम राई थाना घाटीगांव ग्वालियर हाल निवासी डीडीनगर का रहने वाला बताया। 
पकड़े गये तीनों लडक़ो से थाना महाराजपुरा क्षेत्रांतर्गत मंगलसूत्र लूट के संबंध में पूछताछ की तो उनके द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम द्वारा तीनों लडक़ों से गहनता से पूछताछ की गई तो उनके द्वारा महाराजपुरा क्षेत्रांतर्गत से एक महिला से मंगलसूत्र लूटना स्वीकार कर लिया।
पुलिस टीम ने उक्त तीनों आरोपियों में से एक अपचारी के नाबालिक होने के कारण उसे अभिरक्षा में लेकर शेष दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लुटेरों से लूटा गया मंगलसूत्र व पेंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसायकिल अयोध्या सिटी महाराजपुरा निवासी आरोपी के घर से जप्त की।