कहीं जले तो कहीं नहीं जले निगम के अलाव

Dec 27 2023

ग्वालियर। महानगर में निगम के अलाव जलाने की व्यवस्था हर साल होती है, लेकिन इस बार निगम के अलाव अभी कहीं जले तो कहीं जल नहीं पाए हैं, बीती रात फूलबाग पर 8 बजे अलाव की व्यवस्था थी, लेकिन बहोड़ापुर चौराहा सहित मुरार बारादरी चौराहे पर भी व्यवस्था नजर नहीं आई। कडक़ड़ाती सर्दी के बीच महानगर में अलाव के सहारे लोग रात गुजार रहे हैं, जिसका कारण खुले में सोने और काम के लिए मजबूर रहने की स्थिति होना है, इसको लेकर निगम ने अलाव की व्यवस्था की है, लेकिन ज्यादातर जगहों पर लोग खुद अपनी व्यवस्था कर रहे हैं।
महानगर में रात के समय तेज होती सर्दी का नजारा अब नजर आने लगा है, जिसमें लोगों को सर्दी से बचने के लिए अलाव जलाकर उसके आस-पास बैठकर खुद को गर्म करने का प्रयास करते हुए देखा जा सकता है, वहीं लोगों के चले जाने की स्थिति में इन अलाव के सहारे आवारा जानवर रात गुजारते हुए देखे जा सकते हंै। 
महानगर में कड़ाके की सर्दीं की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लग जाता है, कि दोपहर में तेज धूप के खुलने के बावजूद शाम होते ही अलाव की जरुरत लोगों को महसूस होती है और शाम 6 बजे के बाद अलाव जलाने को लोग मजबूर हो जाते हैं।