भागवत कथा सुनने वाला इंसान हो जाता है धन्य: शास्त्री

Dec 26 2023

ग्वालियर। 12 बीघा कॉलोनी बहोड़ापुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में भागवताचार्य पं.घनश्याम शास्त्री महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सुनने से इंसान के पाप क्षीण हो जाते हैं। कथा सुनने वाले के विचार उच्च बन जाते हैं। उसके भीतर समानता का भाव पैदा हो जाता है। वह किसी के साथ खराब व्यवहार और अन्याय नहीं करता है। सभी के लिए मददगार साबित होता है। 
उन्होंने कहा कि भागवत कथा सुनने से इंसान संतों की श्रेणी में पहुंच जाता है। सभी लोगों को भागवत कथा का श्रवण करना चाहिए। भागवत कथा सुनने वालों को समाज में अच्छी नजर से देखा जाता है। सभी लोग ऐसे लोगों का सम्माान करते हैं। भागवत कथा सुनने से इंसान के दुर्गुण सदगुणों में बदल जाते हैं। ऐसे लोगों की परमात्मा पूरी मदद करता है शास्त्री जी ने कहा कि जीवन में दुख-सुख आते-जाते रहते हैं। हालात चाहे कैसे भी हों, मनुष्य को कभी भी ईश्वर को नहीं भूलना चाहिए। कुंती का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि महाभारत काल में महाराज पांडु की पत्नी तथा युधिष्ठिर, भीम और अर्जुन की माता कुंती ने भगवान से दुख मांगे। 
ईश्वर ने उनसे दुख मांगने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि प्रभु हमेशा उनके साथ रहें। सुख मिलने पर भगवान दूर हो जाते हैं, लेकिन दुख में वह हमेशा याद रहते हैं। उन्होंने महाभारत का एक और प्रसंग सुनाते हुए कहा कि कौरवों ने पांडवों के साथ हमेशा अन्याय किया। धोखे से उनका राजपाट तक छीन लिया। इसके बावजूद अंत में जीत पांडवों की ही हुई। मनुष्य को चाहिए कि वह हमेशा नेकी और सच्चाई की राह पर चले। उस पर प्रभु कृपा हमेशा बनी रहेगी।