पूरा परिवार सोता रहा, ढाई लाख नगदी सहित पांच लाख का माल चोर समेट ले गए

Dec 20 2023

ग्वालियर। दादी की त्रयोदशी के बाद सोए परिवार को थकान उतारना पांच लाख का पड़ा। चोरों ने ढाई लाख रुपए नगदी के साथ ही सोने-चांदी के जेवर सहित करीब पांच लाख का माल समेट ले गए। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मंगूपुरा में बुधवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। घटना का पता उस समय चला जब पीडि़त परिवार सोकर जागा तो सामान बिखरा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। 
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मंगूपुरा निवासी रामेश्वर कुशवाह पुत्र हरगोविन्द कुशवाह रायरू डिस्टलरी में नौकरी करते ह्रै। कुछ दिन पहले उनकी दादी का देहांत हो गया था। बीते रोज उनकी त्रयोदशी का कार्यक्रम था। कार्यक्रम अच्छी तरह संपन्न होने पर वह बीती रात बेफ्रिक होकर सो गए। सुबह जब जागे तो जिस कमरे में सामान रखा हुआ था उसकी कुंदी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। मामला समझ मेंं आते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। 
घटना की गंभीरता देखते हुए मौके पर फिंगरप्रिंट व डॉग स्क्वॉड के साथ ही अफसर मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। डॉग भी आस-पास टहलता रहा। पुलिस अफसरों का मानना है कि चोर संभवत: आस-पास के ही रहने वाले होंगे। 
पीडि़त ने बताया कि चोर डेढ़ किलो चांदी, साढ़े तीन तोला सोना और करीब ढाई लाख रुपए नगदी चोरी कर ले गए। फिलहाल पता नहीं चला है कि इस सामान के अलावा अन्य क्या सामान चोरी गया है। 
पीडि़त ने पुलिस पूछताछ में बताया कि कई सालों से वह पाई-पाई जोडक़र रुपए जोड़ रहे थे और कुछ रुपए त्रयोदशी में शामिल होने आए लोग दे गए थे। इस तरह चोर करीब ढाई लाख रुपए पार कर ले गए। 
सूना घर चोरों ने किया खाली
माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर निवासी सूरज सिंह ने शिकायत की है कि दो दिन पहले उनके बेटे का जन्म हुआ था तो पत्नी और वह बच्चे के साथ पिता के घर पर रूके हुए थे। इसी बीच सूना घर देखकर चोरों ने धावा बोला और नगदी के साथ ही सोने व चांदी के गहने पार कर ले गए। इनके घर के पास ही रहने वाले मनोज गौड़ के सूने घर के भी चोरों ने ताले चटकाए और अलमारी में रखे बीस हजार रुपए के साथ ही सोने व चांदी के जेवर पार कर दिए। घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।