चेम्बर के तीन दिवसीय दीपावली मिलन समारोह में अखिल भारतीय कवि सम्मेेलन आयोजित किया

Dec 20 2023

ग्वालियर। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी चेम्बर द्बारा दीपावली मिलन समारोह का तीन दिवसीय आयोजन किया गया। इस समारोह के तहत बीती रात को रंगमहल गार्डन में चेम्बर सदस्य एवं उनके परिजनों के लिए अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं स्वरूचि भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पश्चात मंचासीन कवियों द्बारा निम्नानुसार अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया गया। कवि सम्मेलन के सूत्रधार  तेजनारायण शर्मा, जौरा रहे। 
सभी को इस ज़माने में सभी चीज़ें नहीं मिलतीं, किसी बाजार में अनमोल तहज़ीबें नहीं मिलतीं। जहां की हर अदालत से बड़ी कोई अदालत है, वहां बस फैसले होते हैं तारीखें नहीं मिलतीं
 रवीन्द्र रवि, ग्वालियर
ये मत सोचो ज्ञान बाँटते फिरते हैं, ख़ुशियों का सामान बाँटते फिरते हैं। ये दौलत बाँटे जाने से बढ़ती है, इसीलिए मुस्कान बाँटते फिरते हैं॥
सुदीप भोला जबलपुर
प्रेम तुलसी के दल सी सजी राधिका, हर निधिवन बसी कृष्ण की पाँखुरी। एक उंगली पे गिरिराज को धर लिया, दस की दस उंगलियों से बजी बाँसुरी॥
डॉ रूचि चतुर्वेदी, आगरा
 कर पाओ तो यूँ करो जीवन का सम्मान। आंखों में सपने रखो अधरों पर मुस्कान।
रमेश मुस्कान
रिश्तों में तकरार बहुत है लेकिन इनमें प्यार बहुत है। सारी दुनिया खुश रखने को बस अपना परिवार बहुत है॥
-डॉ सर्वेश अस्थाना, लखनऊ
पोशाक पुरानी लिए अभिनव हूँ मनाओ
नफऱत में भी मैं प्यार का कलरव हूँ मनाओ
रोने के लिये और भी महफि़ल है जहां में
शम्भू शिखर मैं हास्य का उत्सव हूँ मनाओ।
-शम्भू शिखर, बिहार
इस अवसर पर  चेम्बर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव पवन कुमार अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष-संदीपनारायण अग्रवाल सहित चेम्बर सदस्य एवं उनके परिजनों द्बारा स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ लिया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में चेम्बर सदस्यगण उपस्थित रहे।