सर्वजनहिताय के संकल्प को मूर्त रूप दे रही है शीतला माता टीम

Dec 19 2023

ग्वालियर। नौनिहालों के चेहरों पर अम्लान (उजली) मुस्कान थिरकेगी तब ही हमारा देश सही मायने में होगा गुलजार। इसके लिए समाज को संगठित होकर सेवा के क्षेत्र में आना होगा। यह बात शीतला माता टीम के मुख्य संयोजक सतेन्द्र सिंह घुरैया ने बेहट मंडी प्रांगण में 65 गांवों के करीब दस हजार लोगों के बीच व्यक्त किए। बेहट मंडी प्रांगण में शीतला माता टीम ने साधु-संतो और वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ पहली कक्षा से पांचवीं कक्षा के बच्चों को गरम स्वेटर बांटने का विशाल आयोजन किया था। प्रारंभ में शीतला माता टीम के प्रमुख सतेन्द्र सिंह और सरपंच अजमेर सिंह, राजवीर सिंह, नारायण सिंह, रामनाथ, रामसेवक यादव, फूलचंद शाक्य और सूरजभान सिंह, उपसंयोजक इंजीनियर सुरेन्द्र सिंह घुरैया ने संत करनदास, संत नारायण दास महाराज की पद अर्चना की। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवियों और शिक्षकों को शॉल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। 
बेहट का मंडी प्रांगण बच्चों की किलकारियों से गूंज रहा था। अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। यहां संतजनों ने शिक्षा पर जोर दिया और कहा कि शिक्षा ही वह जरिया जो हमें अज्ञान से उबारकर ज्ञान के प्रकाश में आत्म उन्नति का रास्ता दिखा सकती है। ग्रामीण अंचल में अपनी नि:स्वार्थ सेवा से विशेष पहचान बना चुके फ़ौजी सतेन्द्र सिंह घुरैया ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के सभी बच्चों को निडर निर्भीक और स्वस्थ तथा शिक्षा की ललक से परिपूर्ण देखना चाहते हैं। उन्हें नहीं लगता कि इस कडक़ड़ाती ठंड में मात्र आठ हजार बच्चों को स्वेटर मुहैय्या कराना पर्याप्त है। उनका इरादा इस सेवा को निरन्तर बनाए रखना है। संतों के आशीर्वाद से यह सबकुछ सहज संभव है। 
 उल्लेखनीय है कि करोना त्रासदी के समय भी सतेन्द्र सिंह और उनके परिवार ने पचास हजार लोगों के बीच खाद्य सामग्री बांटी वहीं प्रधानमंत्री सहायता कोष में भी पन्द्रह लाख रुपए का दान किया गया। शीतला माता टीम के सेवा कार्य में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया सतेन्द्र सिंह घुरैया की सहधर्मिणी है। समाजसेवी कुंवर संतोष सिंह ने कडक़ड़ाती सर्दी में ग्रामीण बच्चों के बीच विशाल स्तर पर गरम स्वेटर बांटने को महान पुण्य कार्य और एक तरह से देश की अमूल्य सेवा बताते हुए शीतला माता टीम के सभी समर्पित सदस्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की है और सतत् सहयोग का भरोसा दिलाया है।