किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को कॉल करें

Dec 18 2023

ग्वालियर। आपके साथ हुई किसी भी घटना को छुपाएं नहीं, बल्कि अपने परिजनों व टीचर्स को अवश्य बताएं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को कॉल कर के मदद प्राप्त करें। यह बात महिला पुलिस टीम द्वारा छात्राओं व महिलाओं को जागरूकता अभियान के तहत पुलिस की डायल 100/112 सेवा 1090 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए कही गई। 
एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देश तथा एएसपी अखिलेश रेनवाल व महिला सुरक्षा डीएसपी किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों व सार्वजनिक स्थानों पर महिला जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत रविवार को निर्भया मोबाइल की एसआई मधु सिंह द्वारा निरंजन कोचिंग में पहुंचकर वहां अध्यनरत छात्राओं को विभिन्न अपराधों के संबंध में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। इसी क्रम में एसआई सुलेखा ने महिला टीम के साथ गांधी प्राणी उद्यान, फूलबाग एवं अन्य पब्लिक प्लेस पर महिला तथा बच्चियों को महिला संबंधी अपराधों के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया। इस अवसर पर महिला पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को बेटी की पेटी के संबंध में अवगत कराते हुए बताया गया कि वह किस प्रकार अपनी शिकायत पेटी में डाल सकती हैं। वहीं छात्राओं को गुड टच-बेड टच की जानकारी भी दी गई।