कॉबिंग गश्त में पौने दो सौ बदमाशों पर कार्रवाई

Dec 18 2023

ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से आधी रात को पुलिस सडक़ों पर निकली और कॉबिंग गश्त की। 
बीती रात एएसपी अमृत मीना,गजेन्द्र वर्धमान, अखिलेश रैनवाल तथा निरंजन शर्मा समेत सभी सीएसपी, डीएसपी और एसडीओपीयों ने अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों व पुलिस बल के साथ निकले और पूरे जिले में कॉबिंग गश्त की। इस दौरान खुद पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने कॉबिंग गश्त का जायजा लिया और प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इस दौरान पुलिस ने फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की चेकिंग की। साथ ही बैंक एटीएम, लॉज तथा ढाबों को भी चेक किया।
कॉबिंग गश्त में निकली पुलिस गली-गली में पहुंची और बदमाशों की पतारसी की। इस दौरान जिले में कुल 56 स्थाई वारंट, 89 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। साथ ही 184 गुंडों व 215 हिस्ट्रीशीटरों को भी चेक किया गया। पुलिस बल ने 15 शराब तस्कर, 3 सटोरिए तथा जुआ के एक व अवैध हथियार के 2 प्रकरणों में भी आरोपियों पर कार्रवाई की। इसके अलावा 1 इनामी तथा 3 फरारी बदमाशों को भी पुलिस ने पकड़ लिया।