पारंपरिक शिक्षा से इतर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का श्रेष्ठतम संस्थान: गौरव द्विवेदी

Dec 15 2023

ग्वालियर। केंद्रीय विद्यालय संगठन की हीरक जयंती के उपलक्ष में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 ग्वालियर में स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय में रंगारंग प्रस्तुतियों में समूह गान एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के आर्यभट्ट सदन ने समूहगान एवं समूह नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह गान में सरोजिनी नायडू सदन द्वितीय स्थान पर एवं रानी लक्ष्मीबाई सदन तृतीय स्थान पर रहा। समूह नृत्य प्रतियोगिता में रानी लक्ष्मीबाई सदन द्वितीय एवं टैगोर सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं के छात्र देवांश द्विवेदी एवं पलक द्वारा किया गया। विद्यालय की छात्रा पूर्वान्शी द्वारा केंद्रीय विद्यालय संगठन की यात्रा पर प्रकाश डाला गया। वहीं केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्राचार्य गौरव कुमार द्विवेदी ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थी के चौमुखी विकास का श्रेष्ठतम संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा अनेक अनेक गतिविधियों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन की हीरक जयंती के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में 16 दिसंबर को बाल मेला का आयोजन किया जा रहा है। स्थापना दिवस समारोह में कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रभा होरो द्वारा किया गया। इस आयोजन में उप प्राचार्य पवनजैन, प्रधानाध्यापिका श्रीमती भारती यादव एवं समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।