बड़ी ठंड, उत्तरी हवा से गिरा पारा

Dec 14 2023

ग्वालियर। अंचल में साल के आखरी महीने के दूसरे हफ्ते में मौसम साफ होने और धूप खिलने से उत्तरी हवा ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ इस वक्त हिमालय के ऊपर लगातार सक्रिय है। साथ ही उत्तर और उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिसंबर में पहली बार रात का पारा 9.3 डिग्री पर आ गया है। इससे पहले तीन दिन पूर्व न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री तक गया था। मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का मानना है कि अभी दो से तीन दिन तापमान में गिरावट और देखने को मिलेगी। बुधवार की तुलना में रात का पारा 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरा। इसके कारण रात के वक्त भी लोगों को ठंडक महसूस होने लगी है।
इधर सर्दी बढ़ते ही डॉग बाइट के मामले 325 से बढक़र 334 मरीज पहुंचे
सर्दी के मौसम में कुत्ते खतरनाक हो रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जयारोग्य चिकित्सालय, जिला अस्पताल मुरार और सिविल अस्पताल हजीरा में डॉग बाइट के लगभग 300 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा 133 मरीज जिला अस्पताल मुरार कुत्ते काटने से घायल होकर आए। जयारोग्य चिकित्सालय में 109 तथा सिविल अस्पताल हजीरा में 92 डॉग बाइट के मरीज पहुंचे। इन मरीजों को एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए।
डॉक्टरों की सलाह लापरवाही न बरतें
ग्वालियर सर्दी बढऩे से ब्रेन अटैक, हार्ट अटैक के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। हृदय संबंधी परेशानी लेकर जेएएच,अन्य हार्ट सेंटर में बीते 10 दिन में 87 हार्ट अटैक के मामले सामने आए हैं। जिनमें दो लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा ब्रेन अटैक के केस भी सामने आए हैं। इसलिए डॉक्टरों की भी सलाह है कि सर्दी में किसी भी हालत में लापरवाही न बरतें। हमेशा गर्म कपड़े पहनकर ही रहें। ऐसे लोग जो ब्लड प्रेशर, सुगर व अन्य बीमारी से ग्रसित हैं वह बिल्कुल सुबह सैर पर न जाएं। सुबह घूमने जाना ही है तो सुबह 8 बजे तक जाएं।