महिला पुलिस अफसरों ने हॉस्टल की छात्राओं को किया जागरूक

Dec 13 2023

ग्वालियर। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। यदि आपके साथ कोई भी घटना होती है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करें, बल्कि तत्काल पैरेंट्स व टीचर्स को इसकी जानकारी दें। यह समझाइश कंपू स्थित शासकीय सीनियर अनुसूचित जनजाति बालिका छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को जागरूक करते हुए महिला पुलिस अफसरों द्वारा दी गई।
एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देश तथा एएसपी अखिलेश रेनवाल एवं महिला सुरक्षा डीएसपी किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में स्कूल- कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों व सार्वजनिक स्थानों पर महिला जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत महिला पुलिस अफसरों की टीम कंपू स्थित शासकीय अनुसूचित जनजाति बालिका सीनियर छात्रावास में पहुंची।
महिला पुलिस अफसरों की टीम ने वहां रहने वाली छात्राओं व स्कूली स्टॉफ को बलात्कार, छेड़छाड़ तथा गुड टच-बेड टच आदि के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया। महिला पुलिस अधिकारियों ने उन्हें पुलिस की डायल 100/112 सेवा तथा 1090 महिला हेल्पलाइन से भी अवगत कराया। इस अवसर पर महिला पुलिस टीम द्वारा उपस्थित छात्राओं को जागरूकता संबंधी पोस्टर भी दिखाने के साथ ही बेटी की पेटी के संबंध में अवगत कराते हुए बताया गया कि वह किस प्रकार अपनी शिकायत पेटी में डाल सकती हैं। 
जागरूकता अभियान के दौरान महिला थाने में पदस्थ एसआई शैलजा सिंह, महिला सुरक्षा शाखा का स्टॉफ, कंपू थाने की एसआई सुमित्रा, मधु बंसल, सुरेखा कुशवाह एवं निर्भया मोबाइल का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।