बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर की तबियत बिगडऩे पर जज की कार में ले गए हॉस्पिटल, मौत
Dec 11 2023
ग्वालियर। बीती रात उस समय हंगामा मच गया जब पता लगा कि रेलवे स्टेशन के पोर्च से जज की कार को कुछ लडक़े, चालक को धक्का देकर ले गए हैं। कार में एक पेशेंट होने का भी पता लगा था। जज की कार छीनने की सूचना पर पूरे शहर की पुलिस सडक़ों पर आ गई। खुद एएसपी अखिलेश रैनवाल सडक़ पर उतर आए। जिले की सीमा पर नाकाबंदी कर दी गई, तभी पता लगा कि जज की कार ग्वालियर के हजार बिस्तर के अस्पताल (जेएएच अस्पताल समूह) पहुंची है। जब पुलिस यहां पहुंची तो पता लगा कि बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी (बीकेडी) के वाइस चांसलर दिल्ली से झांसी के लिए आ रहे थे। मुरैना में उनकी हालत बिगड़ी तो ग्वालियर पर उनके साथ के ही कुछ छात्रों को जब कोई वाहन नहीं मिला तो तत्काल इलाज के लिए जज की कार को इस तरह लेकर पहुंचे थे। वाइस चांसलर की मौत हो गई है, लेकिन जज के वाहन चालक ने पड़ाव थाने में कार छीनने की शिकायत की है।
उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर रणजीत सिंह पुत्र गणपत सिंह यादव (59) दिल्ली के द्वारिका सेक्टर में रहते थे। मूल रूप से वह राजस्थान के बीकानेर रेवाड़ी के रहने वाले हैं। बीती रात को वह दक्षिण एक्सप्रेस से अपने कुछ छात्रों के साथ दिल्ली से झांसी आने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। आगरा निकलते ही उनकी तबियत बिगडऩे लगी, जो मुरैना आते-आते काफी खराब हो गई। उनके साथ चल रहे छात्रों ने मुरैना में रेलवे से तत्काल चिकित्सा सुविधा मांगी, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सकी। उनको बताया गया कि ग्वालियर स्टेशन के बाहर एम्बुलेंस 24 घंटे अलर्ट रहती है, वहां से उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया जा सकता है। जब स्टेशन पर उनके साथ आए छात्रों ने उनको ट्रेन से उतारा तो वहां कोई एम्बुलेंस नहीं मिली, जबकि वाइस चांसलर की हालत बेहद नाजुक थी।
एम्बुलेंस नहीं मिली तो चालक को धक्का देकर ले गए जज की कार
छात्र-छात्राएं बीमार चांसलर को लेकर जब ग्वालियर स्टेशन के पोर्च में पहुंचे तो यहां पर एंबुलेंस नजर नहीं आई और उनकी बिगड़ती हालत को देखकर पोर्च में खड़ी कार में लिटा दिया। यह कार ग्वालियर हाईकोर्ट के एक जज की थी। जज को लेने के लिए उनका गनर अंदर गया था। बाहर वाहन चालक गाड़ी में बैठा था। छात्रों को उसने मरीज को लिटाने और गाड़ी को खाली करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन छात्र चालक को धक्का देकर वाइस चांसलर को हॉस्पिटल के लिए लेकर निकल गए।
जज की कार उठते ही मचा हंगामा, अस्पताल में मिली गाड़ी
मरीज को जबरन कार में ले जाते ही हंगामा हो गया, क्योंकि कार जज की थी। कार चालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जज की कार जबरन ले जाने का पता चलते ही गश्त कर रहे सभी अफसर और पुलिसकर्मी एक्शन में आए। सडक़ों पर चेकिंग और नाकों को सील कर गाड़ी की तलाश शुरू कर दी। तभी पता चला कि कार हजार बिस्तर अस्पताल में पहुंची है तो एएसपी अखिलेश रैनवाल, सीएसपी इंदरगंज अशोक सिंह जादौन, टीआई झांसी रोड राशिद खान, टीआई पड़ाव इला टण्डन सहित सभी थानों की मोबाइल हजार बिस्तर अस्पताल पहुंची और कार को देखते ही राहत की सांस ली। कार निगरानी में लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचाई गई। वहीं जांच के बाद डॉक्टरों ने वाइस चांसलर को मृत घोषित कर दिया। पड़ाव पुलिस को जज की कार के चालक ने शिकायती की है।
इस मामले में सीएसपी अशोक सिंह जदौन ने बताया कि ट्रेन में यात्रा कर रहे एक मुसाफिर को संभवता हार्ट अटैक आया था। उनके साथ सफर कर रहे कुछ लडक़े मरीज को स्टेशन से एक कार में लेकर गए थे। जांच में पता लगा है कि यात्री की मौत हो गई है। कार अस्पताल में ही खड़ी मिल गई है।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









