चंबल के नेता ने कुशल रणनीति से बुंदेलखंड में किया कमाल:मुकेश सिंह

Dec 09 2023

ग्वालियर/भिंड। भाजपा प्रदेश संगठन के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सागर संभाग प्रभारी चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने पोलिंग बूथ तक की इकाई को लगातार प्रवास और अथक परिश्रम से मजबूत करते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपने प्रभार वाले सागर संभाग की  26 में से 21 सीटों पर ऐतिहासिक विजयश्री दिलाकर इतिहास रचा है।
दरअसल, सागर में भाजपा को मिली यह सफलता सिर्फ एक दिन अथवा एक सप्ताह के प्रयास की परिणति नहीं है बल्कि यह तभी संभव हुआ जब संभाग प्रभारी दिन-रात और सर्दी-गर्मी की चिंता किए बगैर पूरे चुनाव अभियान के दौरान उक्त संभाग में ही डेरा डाले रहे। उन्होंने सागर संभाग की सभी 26 सीटों का सघन दौरा किया। प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को साथ लिया। अक्सर हरेक चुनाव में ऐसा होता है कि एक ही सीट पर टिकट के इच्छुक कई कार्यकर्ता होते हैं लेकिन टिकट एक को ही मिलता है, ऐसी स्थिति में चुनाव अभियान की शुरुआत में ही टिकट से वंचित दावेदारों के बीच नाराजगी के स्वर ध्वनित होते हैं। कार्यकर्ता बताते हैं कि चौ. मुकेश सिंह ने यहां आते ही ऐसे कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर उन्हें पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में काम करने के लिए प्रेरित किया। प्रत्याशियों को प्रचार सामग्री से लेकर अन्य सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, निरंतरता व नियमितता पर फोकस बनाए रखा। चौ. मुकेश सिंह स्थानीय प्रत्याशी और पार्टी की प्रदेश चुनाव कमान के बीच सेतु का काम करते रहे। उन्होंने पार्टी की चुनावी सभाओं, रैलियों, रोडशो एवं कार्यकर्ता बैठकों की नियमित मॉनीटरिंग तो बनाए ही रखी, इसके अलावा वे प्रत्याशियों से प्रतिदिन चर्चा कर उनके क्षेत्र में पार्टी की अपडेट स्थिति का भी आंकलन करते रहे। जनता से मिलने वाले फीडबैक पर भी उनकी सतत निगाह रही और उसी के अनुरूप चुनाव अभियान में रणनीतिक परिवर्तन भी करते रहे। यही वजह रही कि सागर संभाग में भाजपा के चुनाव अभियान की दशा और दिशा अपने निर्धारित टारगेट से विचलित नहीं हुई और उनके इन प्रयासों को विराम तभी हुआ, जब पार्टी ने अविस्मरणीय विजयश्री का लक्ष्यसंधान पूर्ण कर लिया। 
 चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी अपने प्रभार संभाग सागर की कुल 26 सीटों में से 21 सीटों पर भाजपा के परचम लहराए जाने को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि मानने के बजाए इस प्रचंड विजय को भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल मानते हैं। उन्होंने सागर संभाग के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं प्रत्याशियों को इस ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। चौ. मुकेश सिंह भाजपा पर अपना विश्वास जताने के लिए संभाग सागर की देवतुल्य जनता का हार्दिक आभार व्यक्त करना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि यदि जन आशीर्वाद साथ नहीं होता तो इतनी बडी चुनावी कामयाबी नहीं मिलती। 
यहां पर माफिया और बाहुबली नेता देखने को नहीं मिलते
जानकार बताते हैं कि सागर में दुकानदारी, नौकरी पेशा, कृषि से जुड़े लोग रहते हैं। इसके अलावा बीड़ी, अगरबत्ती निर्माण और रेलवे इंजीनियरिंग उद्योग इस क्षेत्र की पहचान है। मध्यप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रविशंकर शुक्ला, केंद्रीय राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार, स्वतंत्रता सेनानी और गीतकार स्वर्गीय वि_ल भाई पटेल जैसे कई प्रमुख व्यक्तित्व सागर क्षेत्र से जुड़े हैं। डॉ. हरिसिंह गौर यूनिवर्सिटी और शरबती गेहूं के लिए विश्वर भर में प्रसिद्ध सागर की राजनीति भी सरल और जनता से जुड़ी हुई है। यहां पर माफिया और बाहुबली नेता देखने को नहीं मिलते बल्कि जो जनता के बीच रहकर काम करना जानते हैं उन्हें ही यहां राजनीति में स्वागत योग्य दर्जा दिया जाता है। खेती-बाड़ी और व्यापार-कारोबार सागर जिले की पहचान है। यह मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड की अघोषित राजधानी भी है।