पुलिस ने शातिर दोपहिया वाहन चोर व खरीदार पकड़े, 13 वाहन बरामद

Dec 09 2023

ग्वालियर। चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़ा शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने चोर की निशानदेही पर चोरी के वाहनों के खरीदारों को भी पकड़ा है। वाहन चोर और खरीदारों के कब्जे से पुलिस ने एक दर्जन दो पहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी पांच-पांच हजार रुपए में चोरी के वाहनों को बेच देता था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बरा रोड पार्क के पास एक व्यक्ति चोरी की अपाचे मोटर साइकिल बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चोर को पकड़ लिया। पकड़े गए चोर का नाम शाहिद खान पुत्र इस्लाम खान उमरा बताया गया है। चोर के पास से मिली बाइक को कब्जे में लेकर जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने इसे बहोड़ापुर इलाके से ही चुराना बताया। इसके साथ ही उसने वाहन चोरी की तमाम वारदातों का खुलासा भी किया। 
शातिर वाहन चोर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह मोटरसाइकिल चुराकर ग्राहक की तलाश करता है और फिर महज पांच-पांच हजार में इन्हें ठिकाने लगा देता है। पूछताछ में उसने चोरी के वाहन खरीदने वाले दो खरीदारों के नाम भी पुलिस को बताए। यह बाइक भी वह उन्हें ही बेचने आया था लेकिन पुलिस पकड़ लिया।
वारदातों का खुलासा होते ही पुलिस ने शातिर चोर की निशानदेही पर चोरी के वाहन खरीदने वाले दोनों खरीदारों को पकड़ लिया। पकड़े गए चोर को साथ लेकर पुलिस ट्रांसपोर्ट नगर में पार्किंग क्रमांक 1 में पहुंची चोर को खरीदारों के बताए स्थान पर भेजकर दूर खड़ी हो गई। जैसे ही खरीदार आए तो घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए खरीदारों के नाम शेख रिजवान निवासी डोंगरपुर और मुकेश जाटव निवासी भिंड बताए गए हैं। पकड़े गए चोर और खरीदारों की निशानदेही पर पुलिस ने 12 मोटरसाइकिलें एवं एक एटिवा बरामद की।