अज्ञात महिला की नग्न अधजली लाश मिली, महिला से दुष्कर्म की आशंका

Dec 09 2023

ग्वालियर। शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट के पास खाली प्लॉट पर महिला का नग्न अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की है, जिसकी सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल में लगी हुई है। फिलहाल यह पता नहीं लग सका है कि महिला कौन है, और उसकी हत्या किसने व क्यों की है।
वहीं घटना का पता लगने पर एसपी राजेश सिंह चंदेल, एएसपी क्रइम ऋषिकेश मीणा व सीएसपी हिना खान भी वहां पहुंचे। जिन्होंने जांच उपरांत अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां करीब 30-35 वर्ष की महिला का नग्न शव अधजली अवस्था में डला हुआ था।
कलेक्ट्रेट के पास एक खाली प्लॉट में महिला का नग्न शव मिला है। महिला का चेहरा और सीना जला हुआ है। उसके कपड़े पास ही पड़े हुए हैं। पास ही तीन देशी शराब के क्वार्टर पड़े हुए हैं। घटना स्थल का सीन देखते ही साफ था कि महिला की दुष्कर्म करने के बाद हत्या की गई है। पुलिस के फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव सहित फिंगर प्रिंट टीम, डॉग टीम को जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। महिला के पास ही एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कुछ युवकों के नाम है। साथ ही लेटर लिखने वाली का नाम माया लिखा हुआ है। पुलिस अफसरों का मानना है कि सुसाइड नोट भ्रमित करने के लिए डाला गया है। इस पर एक महीने पहले की तारीख लिखी हुई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जहां शव मिला है वह पूर्व निगम कमिश्नर विनोद शर्मा का प्लॉट बताया जा रहा है।
शहर के सिटी सेंटर स्थित मेट्रो टॉवर के पीछे रजिस्ट्री कार्यालय रोड के पास एक खाली प्लॉट में महिला का नग्न शव पड़े होने की सूचना डायल 100 पर शनिवार सुबह आई थी। जिस पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस सहित अन्य अधिकारी स्पॉट पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने स्पॉट देखा तो प्रारंभिक दृश्य में ही साफ नजर आ रहा था कि महिला के साथ कुछ गलत काम कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। 
पुलिस अफसरों ने तत्काल पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट टीम, डॉग टीम को मौक पर बुलाया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने बारीकी से घटना स्थल की जांच की है। खाली प्लॉट पर महिला का नग्न शव पड़ा था, लेकिन कुछ दूरी पर उसके कपड़े रखे हुए थे। वहां एक दो रुपए का नोट व सिक्का रखा था। लाश के पास देशी शराब के तीन क्वार्टर रखे हुए थे।
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि महिला की उम्र 35 साल के लगभग है। उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया है फिर देशी शराब उसके ऊपर डालकर आग लगा दी गई है। जिससे उसकी मौत हो गई है। देशी शराब में एल्कोहल कम होता है इसलिए महिला का आधा शरीर ही जला है। इसके अलावा महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। प्रारंभिक जांच में यह भी साफ है कि महिला की हत्या इस स्पॉट पर नहीं हुई है। हत्या कर शव यहां लाया गया है। स्पॉट पर कुछ वाहनों के पहियों के भी निशान मिले हैं।
महिला के कपड़ों के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कुछ युवकों के नाम है और सुसाइड नोट लिखने वाली खुद को माया कह रही है। उसमें लिखा है कि मुझे उससे बात नहीं करनी चाहिए थी। वह इस तरह का इंसान है। अब मैं फंस गई हूं, इसलिए मैं जीना नहीं चाहती। इस सुसाइड नोट पर 7 नवंबर 2023 तारीख लिखी है। पुलिस यही नहीं समझ पा रही कि पिछले महीने की तारीख कैसे लिखी है। पुलिस को आशंका है कि महिला का यह सुसाइड नोट पुलिस को भ्रमित करने के लिए प्लान किया गया है।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी ने किसी कैमरे में कोई वाहन, लोडिंग या सवारी ऑटो कैद हुआ हो। जिससे शव या महिला को यहां लाया गया है। साथ ही पुलिस गुमशुदा महिलाओं में भी शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
इस मामले में एएसपी क्राइम ऋषिकेश मीणा का कहना है कि प्रारंभिक पड़ताल में दुष्कर्म के बाद हत्या होना प्रतीत हो रही है। जिसकी पहचान छुपाने के मकसद से आग लगाई गई है। प्रथम दृष्टया महिला लेबर क्लास की प्रतीत हो रही है। एक सुसाइड नोट मिला है। उसकी भी पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस उसकी शिनाख्ती के प्रयास में जुटी हुई है, जिससे जांच को आगे बढ़ाया जा सके। पुलिस सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है जिससे कोई सुराग मिल सके।